![]()
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना में छात्रों को क्वांटम प्रौद्योगिकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। संस्थान में 20 जुलाई को क्वांटम अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। यह वर्कशॉप क्यूएमडी फाउंडेशन और आईआईटी दिल्ली के सहयोग से राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों में क्वांटम साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रति जागरूकता और समझ विकसित करना है। वर्कशॉप में प्रतिभागियों को क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम कम्युनिकेशंस, क्वांटम सेंसिंग और क्वांटम मैटेरियल्स जैसे उभरते क्षेत्रों से परिचित कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, क्वांटम टेक्नोलॉजी के तेजी से विकसित होते क्षेत्र में उपलब्ध शोध, उच्च शिक्षा और करियर के अवसरों की भी जानकारी दी जाएगी। इस कार्यक्रम में शिक्षाविद और उद्योग जगत के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को भविष्य की इस महत्वपूर्ण तकनीक की मजबूत आधारभूत समझ प्रदान की जाएगी। यह वर्कशॉप संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) छात्रों के लिए निःशुल्क है। सीटों की सीमित संख्या के कारण रजिस्ट्रेशन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किए जाएंगे। आईआईटी दिल्ली के सहयोग से होगा प्रोग्राम वर्कशॉप का आयोजन आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर के मार्गदर्शन और आईआईटी दिल्ली के अनुसंधान एवं विकास के एसोसिएट डीन प्रो. राजेंद्र सिंह के सहयोग से हो रहा है। कार्यक्रम का समन्वयन आईआईआईटी ऊना के स्कूल ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स के अध्यक्ष डॉ. नमन गर्ग करेंगे। विशेष अवसर का शीघ्र लाभ उठाएं: प्रो. मनीष गौर आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी https://qmdhub.co.in/upcoming-events-qmd-foundation/ पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र प्रतिभागियों से इस विशेष अवसर का शीघ्र लाभ उठाने का आग्रह किया, जहां उन्हें क्वांटम टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञों से सीखने का मौका मिलेगा।
Source link
IIIT ऊना में क्वांटम टेक्नोलॉजी वर्कशॉप लगेगी:20 जुलाई को प्रोग्राम; स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू; करियर के अवसरों पर होगा मंथन
