![]()
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बस्तर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से स्प्लेंडर बाइक पर जगदलपुर की ओर आ रहा था। बोधघाट थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान उसे पकड़ा।
.
तलाशी में उसके पास से Alprazolam की 420 नशीली टेबलेट बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 1.68 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस को मुखबिर से मिली थी सूचना
बोधघाट थाना क्षेत्र में 29 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 20-21 साल का एक युवक हरे रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने हुए ओडिशा से अड़ावाल के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहा है। उसके पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट हैं, जिन्हें वह बिक्री के लिए ला रहा है। वह स्प्लेंडर प्लस बाइक क्रमांक CG 17 KU 6721 से आने की जानकारी पुलिस को दी गई थी।
सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम बनाई गई।
पेट्रोल पंप के पास रोका, झोले में मिली टेबलेट
पुलिस टीम ने ओडिशा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास MCP लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और बाइक के आधार पर एक युवक को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बादल नाग उर्फ टिन्नी (20), निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर बताया।
पुलिस ने उसके पास रखे झोले की तलाशी ली। इसमें Alprazolam की 28 पत्तियों में कुल 420 दवा मिली। पुलिस के मुताबिक इनकी कीमत करीब 1 लाख 68 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
