फरीदकोट जिले के जैतो में रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार (2 अक्टूबर) को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। इसमें एक तेज रफ्तार स्कोडा कार सड़क पार कर रही 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा को टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटते हुए ले जाती नजर
.
मृतका की पहचान जैतो के हरदयाल नगर निवासी 20 वर्षीय अर्शप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो बठिंडा के डीएवी (DAV) कॉलेज में पढ़ाई करती थी। जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम अर्शप्रीत घर से बाजार जाने के लिए निकली थी। जब वह जैतो रेलवे स्टेशन के पास सड़क पार कर रही थी और आधी सड़क पार कर चुकी थी, तभी बिशनंदी रोड वाले फाटक की तरफ से आई एक अनियंत्रित स्कोडा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टी-स्टॉल से टकराई कार, दो अन्य भी हुए घायल
छात्रा को कुचलने के बाद बेकाबू कार सड़क किनारे बने एक शेड से जा टकराई। इस दौरान वहां मौजूद टी-स्टॉल संचालक और उसका भाई भी कार की चपेट में आकर घायल हो गए, वहीं शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल अर्शप्रीत को तुरंत जैतो के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए कोटकपूरा रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी गिरफ्तार
मामले के जांच अधिकारी एएसआई मनदीप सिंह ने बताया कि मृतका की माता मूर्ति देवी के बयानों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कार चालक लक्ष्य बांसल उर्फ लक्की (निवासी गांव अबलु, बठिंडा) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी जांच जारी है।
