![]()
हरियाणा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पलवल के पूर्व विधायक दीपक मंगला के पिता वेद मंगला का रविवार सुबह निधन हो गया। 93 साल की उम्र में पलवल स्थित अपने घर पर सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उम्र ज्याद होने के कारण उनकी तबीयत नाजुक चल रही थी। वेद मंगला शहर के पुराने कारोबारियों में से एक थे। मिठाई के कारोबार में उनकी खास पहचान रही। उनकी दुकान की बर्फी और रबड़ी पलवल के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रही। उनका अंतिम संस्कार पंचवटी मोक्षधाम में दोपहर 12 बजे किया गया। सबसे छोटे बेटे पवन मंगला ने मुख्याग्नि दी। इस दौरान शहर के व्यापारी, समाजसेवी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे। वेद मंगला ने पलवल में मिठाई के कारोबार के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। बताया जाता है कि दुकान पर तैयार मिठाइयां पलवल और आसपास के क्षेत्रों के अलावा विदेशों तक भेजी जाती थीं। कारोबार के साथ उनका शहर के लोगों से भी लंबे समय से जुड़ाव रहा। घर पर पहुंचे लोग, पंचवटी मोक्षधाम में अंतिम संस्कार वेद मंगला के निधन की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों के अलावा शहर के व्यापारी, समाजसेवी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उनके घर पहुंचे। इसके बाद पंचवटी मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने वेद मंगला के निधन पर शोक जताते हुए दीपक मंगला और उनके परिवार को सांत्वना दी। चार बेटे और एक बेटी छोड़ गए वेद मंगला वेद मंगला के परिवार में चार बेटे और एक बेटी हैं। उनके सबसे बड़े बेटे राकेश मंगला का कई साल पहले निधन हो चुका है। अब उनके निधन के बाद परिवार में दीपक मंगला समेत तीन बेटे और एक बेटी हैं। बेटे दीपक मंगला ने 2014 में पहली बार लड़ा विधानसभा चुनाव वेद मंगला के बेटे दीपक मंगला ने 2014 में भाजपा के टिकट पर पहली बार पलवल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। उनका मुकाबला कांग्रेस के करण सिंह दलाल से था। इस चुनाव में मंगला को 51,781 वोट मिले, जबकि दलाल को 57,423 वोट मिले। मंगला 5,642 वोटों से चुनाव हार गए। इसके बाद भी वे पार्टी संगठन में सक्रिय रहे। इसी दौरान उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल का राजनीतिक सचिव बनाया गया। 2019 में करण दलाल को हराकर बने विधायक 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दीपक मंगला को दोबारा पलवल से टिकट दिया। इस बार उन्होंने करण सिंह दलाल को 28,296 वोटों से हराया। मंगला को 89,426 वोट मिले, जबकि दलाल को 61,130 वोट मिले। इस जीत के साथ मंगला पहली बार पलवल से विधायक बने। 2024 में टिकट कटा, संगठन में बढ़ी जिम्मेदारी दीपक मंगला 2019 से 2024 तक पलवल के विधायक रहे। 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनकी जगह गौरव गौतम को उम्मीदवार बनाया। गौतम ने चुनाव जीतकर सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा। विधानसभा का टिकट नहीं मिलने के बाद भी मंगला संगठन में सक्रिय रहे। 2026 में उन्हें पार्टी में प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। पलवल में हुआ जन्म, आगरा विश्वविद्यालय से की LLB दीपक मंगला का जन्म 8 मार्च 1967 को पलवल के थाई मोहल्ले में हुआ था। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई पलवल में की और इसके बाद एसडी कॉलेज से शिक्षा हासिल की। उन्होंने आगरा विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री भी प्राप्त की।
Source link
हरियाणा- भाजपा उपाध्यक्ष के पिता का निधन:पलवल में मिठाई कारोबार से बनाई पहचान, 93 साल की उम्र में घर पर अंतिम सांस ली
