![]()
जींद में प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान थाना ऑपरेटर।
जींद पुलिस ने गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायतों को आसान बनाने के लिए एक नई पहल की है। अब आम नागरिक अपने संबंधित थाने में ही मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
.
इस संबंध में, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में, साइबर सेल जींद के इंचार्ज अनमोल ने जिले के सभी थाना ऑपरेटरों को सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया।
CEIR पोर्टल से मोबाइल फोन ट्रैस करने की प्रक्रिया
अनमोल ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि अब मोबाइल गुम या चोरी होने पर शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। वे सीधे अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद, CEIR पोर्टल के नियमों के अनुसार गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैस करने और बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि CEIR पोर्टल मोबाइल फोन की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में सहायक है। यह प्रणाली गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के संभावित दुरुपयोग को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
गुम हुए मोबाइलों की शिकायतों को गंभीरता से लें : साइबर सेल इंचार्ज
साइबर सेल इंचार्ज ने सभी थाना ऑपरेटरों को निर्देश दिए कि वे मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लें। उन्हें यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि आवश्यक जानकारी सही ढंग से दर्ज की जाए और CEIR पोर्टल पर नियमानुसार कार्रवाई हो, ताकि गुम हुए मोबाइल फोन को जल्द से जल्द ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंचाया जा सके।
जींद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत अपने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत दर्ज कराते समय मोबाइल फोन का IMEI नंबर, मोबाइल नंबर और अन्य सभी उपलब्ध जानकारी पुलिस को प्रदान करना आवश्यक है। सही और पूरी जानकारी देने से मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया में काफी मदद मिलती है।
