मंडी के सुंदरनगर में युवक पर हमला करते हुए बंदरों का झुंड।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर के भोजपुर बाजार में बंदरों ने एक युवक पर हमला कर दिया। इससे भोजपुर में दुकान में काम करने वाले 27 वर्षीय विजय कुमार को चोटिल हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।
.
सूचना के अनुसार- बंदरों का झुंड मणि भूषण खुल्लर के घर में घुसा। बंदरों को घर के भीतर देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान बंदरों ने विजय कुमार को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।
बंदरों के काटने से उनके शरीर पर चोटें आई हैं। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान बंदरों के हमले से युवक खुद को बचाने का प्रयास करता नजर आता है।
भोजपुर बाजार में बढ़ रहा बंदरों का आतंक
स्थानीय लोगों का कहना है कि भोजपुर बाजार और इसके आसपास के इलाकों में बंदरों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। लोगों के अनुसार, बंदरों के झुंड आए दिन घरों और दुकानों में घुस जाते हैं। कई बार बंदर लोगों पर हमला भी कर देते हैं।
बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही इस समस्या से दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है और ऐसे में बंदरों के हमले से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

भोजपुर बाजार में इस युवक पर बंदरों ने किया हमला।
व्यापार संगठन ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की
हिमाचल प्रदेश संयुक्त व्यापार संगठन के महामंत्री एवं समाजसेवी सुरेश कौशल उर्फ बब्बू पंसारी ने घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भोजपुर बाजार में बंदरों की समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है और लोग लगातार उनके हमलों का सामना कर रहे हैं। कौशल ने वन विभाग से बंदरों की समस्या का उचित और स्थायी समाधान करने की मांग की है।
दुकानदारों और राहगीरों में डर
व्यापार संगठन ने प्रशासन और वन विभाग से भोजपुर बाजार में विशेष अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के झुंड लगातार बाजार में घूमते रहते हैं और मौका मिलते ही घरों या दुकानों में घुस जाते हैं।
लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि बंदरों के हमलों की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और बाजार में दुकानदारों, स्थानीय लोगों तथा राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
