![]()
मोतिहारी शहर में इन दिनों चेन स्नेचिंग की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। हाल ही में नगर थाना क्षेत्र में बाजार करने आई एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।
.
शहर के नकछेद टोला निवासी रुचि कुमारी बाजार में खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान घात लगाए दो बाइक सवार अपराधियों ने उनके गले से चेन झपट ली और तेजी से मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सदर डीएसपी-वन दिलीप कुमार और नगर थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने का निर्देश
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का निर्देश दिया। पुलिस चेन स्नेचर गैंग की पहचान करने में जुटी है, हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
एसपी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस गैंग का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए, ताकि शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके। उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है, उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
अधिवक्ता के गले से सोने की चेन छीनी
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राजा बाजार इलाके में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी। उस मामले में भी अपराधी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इन लगातार बढ़ रही घटनाओं से पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
