25 अगस्त को अंबाला में होने वाली बैठक के बारे में जानकारी देते हुए HSGMC के प्रधान जगदीश सिंह झींडा।
अंबाला के पंजोखरा साहिब विवाद को लेकर सिख समाज और प्रशासन के बीच बढ़े तनाव के बीच अब 25 अगस्त को अंबाला में अहम बैठक होगी। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGMC) ने पहले यह बैठक कुरुक्षेत्र में करने का फैसला लिया था, लेकिन अब बैठक का स्थान बदल
.
HSGMC के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने वीडियो जारी कर बताया कि 25 अगस्त की बैठक अब अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारा में होगी। उन्होंने कहा कि पूरा विवाद अंबाला से शुरू हुआ, इसलिए आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए बैठक भी अंबाला में ही होगी।
झींडा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 25 अगस्त की बैठक पूरी तरह शांतिपूर्वक होगी। प्रदेशभर से संगत इस बैठक में शामिल होने आएगी। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि बाहर से आने वाली संगत को रास्ते में न रोका जाए। यदि किसी को बैठक में आने से रोका गया तो सिख समाज की ओर से बड़ा फैसला लिया जाएगा।

आगामी बैठक के लिए 25 अगस्त को अंबाला में फिर से जुटेगी संगत।
बोले- गिरफ्तारी से डर नहीं, खुद पेश होने को तैयार
झींडा ने कहा कि पुलिस ने सिखों के खिलाफ दो FIR दर्ज की हैं और उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें गिरफ्तारी से कोई डर नहीं है। यदि जांच अधिकारी पूछताछ या पेश होने के लिए बुलाते हैं तो वह खुद पुलिस के सामने पेश होने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस को यह प्रचार नहीं करना चाहिए कि कमेटी प्रधान गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपते फिर रहे हैं। झींडा ने स्पष्ट किया कि उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को किसी विशेष फोर्स की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह कानून के सामने पेश होने से पीछे नहीं हटेंगे।

13 अगस्त की रात को हुए बवाल के बाद आंसू गैस के गोले के खोल, टूटे वाहन और पुलिस की टूटी हुई लाठियां मिलीं।
हाईवे जाम के बाद हुआ था लाठीचार्ज
पंजोखरा साहिब में 7 अगस्त को हुए विवाद के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता गया। गुरसिमरन सिंह मंड और सिख समाज के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से आरोप लगाए गए। मामले में FIR दर्ज होने और कुछ सिख युवाओं को हिरासत में लिए जाने के बाद सिख समाज ने मंड के खिलाफ कार्रवाई और हिरासत में लिए युवाओं की रिहाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया था।
मंड के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद भी प्रदर्शनकारी हाईवे से नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने हाईवे खाली करवाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। पुलिस कार्रवाई के बाद विवाद और बढ़ गया। सिख समाज ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया।

7 अगस्त को अंबाला के पंजोखरा गांव में इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड से मारपीट हुई थी।
झींडा बोले- बातचीत चल रही थी, फिर अचानक कार्रवाई हुई
HSGMC प्रधान झींडा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री निवास स्तर पर प्रशासन और सिख समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत चल रही थी। हाईवे खाली करवाने को लेकर सहमति बनने की स्थिति में थी, लेकिन इसी बीच पुलिस ने अचानक कार्रवाई कर दी। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज से पहले पुलिस को बाकायदा अनाउंसमेंट करनी चाहिए थी।
पंजोखरा साहिब विवाद, पुलिस लाठीचार्ज, दर्ज FIR और हिरासत में लिए गए युवाओं के मुद्दे के बीच 25 अगस्त की बैठक को अहम माना जा रहा है। बैठक में सिख समाज की ओर से आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
