- Hindi News
- National
- Pune COEP Campus Clash: NSUI ABVP Workers Protest Ahead Rahul Gandhi Event
कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

तेलंगाना के यादाद्रि भुवनगिरी जिले की एक फार्मा कंपनी में शुक्रवार देर रात रिएक्टर ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद यूनिट में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा कर्मचारियों की शिफ्ट बदलने के दौरान हुआ। इसमें दो कर्मचारियों की मौत हो गई।
हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है और वे 50% से ज्यादा झुलसे हैं, जबकि 7 को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा का शव मिला, सुसाइड की आशंका

दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल के कमरे में 19 साल की नर्सिंग छात्रा का शव मिला। छात्रा Bsc थर्ड ईयर में पढ़ रही थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा नजफगढ़ की रहने वाली थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
शुक्रवार, 21 अगस्त को छात्रा की मौत की सूचना राजेंद्र नगर थाने को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में छात्रा की मौत को आत्महत्या बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे कॉलेज कैंपस में NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं में झड़प

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे के COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल कैंपस में ABVP और NSUI के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद कैंपस में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
ABVP का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता COEP की छात्राओं पर शनिवार के कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव डाल रहे थे। वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली दो छात्राओं को ABVP कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में रोककर धमकाया।
महाराष्ट्र- मुंबई में 7 जगहों के फूड लाइसेंस सस्पेंड, कोलाबा का मैक्डोनल्ड भी

महाराष्ट्र में 19 और 20 अगस्त को खाद्य सुरक्षा को लेकर FDA ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दूध-डेयरी उत्पादों, गुटखा-पान मसाला और दूसरे खाद्य पदार्थों की जांच की गई। छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक इलाके में गायत्री मेवाड प्राइवेट लिमिटेड होटल की जांच में रसोई में खराब पनीर, काला पड़ा तेल और खुले में रखा खाना मिला।
मुंबई में 7 जगहों के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए। इनमें कोलाबा का McDonald’s, बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, मलाड का नोवारा, नरीमन पॉइंट का स्टेटस रेस्टोरेंट और खार जिमखाना शामिल हैं। गुटखा और पान मसाला के खिलाफ कार्रवाई में मुंबई की 3 दुकानें सील की गईं और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

