.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर चीफ सेक्रेटरी से जुड़ी रही। DA के मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को कंटेप्ट ऑफ कोर्ट का नोटिस जारी कर दिया।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. चीफ सेक्रेटरी को कंटेप्ट ऑफ कोर्ट का नोटिस

पंजाब में सरकारी मुलाजिमों-पेंशनर्स के बकाया DA के मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को कंटेप्ट ऑफ कोर्ट का नोटिस जारी कर दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि सरकार ने कोर्ट में गलत जानकारी दी है। इस दौरान चीफ सेक्रेटरी भी वहां मौजूद रहे।
हाईकोर्ट के निर्देशों को लेकर याचिकाकर्ता के वकील एडवोकेट सनी सिंगला ने बताया कि कोर्ट ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने पंजाब के चीफ सेक्रेटरी को 9 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है।
चीफ सेक्रेटरी को हलफनामा दाखिल कर यह बताने का निर्देश दिया गया है कि गलत हलफनामे दाखिल करने के मामले में उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई क्यों शुरू नहीं की जानी चाहिए। (पढ़िए पूरी खबर)
2. सरकार CBI जांच के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची

पंजाब के CM ऑफिस में कथित कैश फॉर ट्रांसफर-पोस्टिंग करप्शन केस की CBI जांच के खिलाफ AAP सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। सीनियर एडवोकेट विकास सिंह पंजाब सरकार की तरफ से पेश हुए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मामले की अर्जेंट लिस्टिंग की मांग की।
इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि आज नहीं। एडवोकेट विकास सिंह ने कहा तो कल। चुनाव के समय इस तरह के मामलों को तूल दिया जा रहा है… विजय मदनलाल चौधरी के फैसले में स्पष्ट रूप से कहा गया है… । इस पर CJI ने कहा कि हम देखेंगे कि कितने मामले सूचीबद्ध हैं। कुछ नहीं होगा। एडवोकेट ने कहा कि यह संघीय ढांचे के उल्लंघन का स्पष्ट मामला है।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने कल (5 अक्टूबर) मामले की सुनवाई करते हुए CBI जांच के आदेश दिए थे। हाईकोर्ट ने CM के OSD राजबीर सिंह घुम्मन के खिलाफ FIR दर्ज कर 2 महीने में जांच रिपोर्ट मांगी थी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. कपल ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड किया

चंडीगढ़ में कपल ने ट्रेन की चपेट में आकर सुसाइड कर लिया। मरने वाले युवक-युवती की उम्र 19-19 साल है। दोनों चंडीगढ़ के ही रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों की डेडबॉडी कब्जे में ली गई।
यह घटना सोमवार देर रात हुई। पुलिस टीम ने रात में ही फोरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया था। इसके अलावा घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी कराई गई। युवक-युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है।
युवती ने 3 दिन पहले ही चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी में नौकरी जॉइन की थी। परिजन ने बताया है कि सोमवार को भी वह सुबह ड्यूटी पर गई, लेकिन घर नहीं लौटी। इसके बाद रात में उसकी मौत की सूचना मिली। (पढ़ें पूरी खबर)
4. लड़कों से तंग आकर BA की छात्रा ने फांसी लगाई

फरीदकोट में कॉलेज से लौटी एक छात्रा ने घर में आकर सुसाइड कर लिया। उसने अपने कमरे में जाकर चुन्नी से फंदा बनाया और पंखे पर लटक गई। जब युवती कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजन को शक हुआ। इसके बाद ऊपर जाकर देखा तो घटना का पता चला।
युवती की पहचान अदिति जैन (22) के रूप में हुई है। वह BA फाइनल ईयर की छात्रा थी। परिजन का कहना है कि युवती ने बताया था कि उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. आतंकी संगठन बोला- अमृतसर में ASI पर फायरिंग हमने कराई

अमृतसर में ASI सुखचैन पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नाम के संगठन ने ली है। संगठन की ओर से जारी प्रेस नोट में हमले को ‘ऑपरेशन नूर’ के तहत की गई कार्रवाई बताया गया है।
साथ ही, भारतीय पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों को धमकी देते हुए भविष्य में ऐसे और हमले जारी रखने का दावा किया गया है। हालांकि, दैनिक भास्कर संगठन के इन दावों की पुष्टि नहीं करता है।
प्रेस नोट में दावा किया गया कि पुलिसकर्मी अगर वर्दी के बजाय सादे कपड़ों में भी घूमते हैं, तो उन्हें पहचाना जा सकता है। संगठन ने दावा किया है कि उसे पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी है, चाहे वे वर्दी में हों या सिविल कपड़ों में।
हालांकि अमृतसर रूरल SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने कल(5 अक्टूबर को) कहा था कि यह टारगेट किलिंग की कोशिश नहीं थी। उन्होंने कहा कि ASI के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उसने आरोप लगाया है कि उसे शक है कि यह हमला उसकी भाभी ने करवाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. भगवान वाल्मीकि के होर्डिंग फाड़ने वाले को अर्द्धनग्न करके पीटा

लुधियाना में भगवान वाल्मीकि जयंती पर लगाए गए होर्डिंग पर भगवान वाल्मीकि की फोटो फाड़ने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। होर्डिंग पर लगी फोटो फाड़ने वाले युवक को आसपास के लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी का वीडियो अब सामने आया है।
लोगों ने युवक को अर्धनग्न कर उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे थप्पड़ मारे। महिलाओं ने चप्पलों से भी उसकी पिटाई की। वहीं, वाल्मीकि धर्म समाज के सदस्य मौके पर पहुंचे और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
लोगों को शक है कि किसी ने जानबूझकर आरोपी से भगवान वाल्मीकि की फोटो वाला होर्डिंग फड़वाया है, ताकि शहर का माहौल खराब किया जा सके। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने किसके कहने पर इस घटना को अंजाम दिया। मामला 5 अक्टूबर का है, पुलिस ने अब आरोपी चंदन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. हैंडबॉल खिलाड़ी के सिर से ट्रॉली का टायर गुजरा

लुधियाना में सड़क हादसे में 14 साल की हैंडबॉल खिलाड़ी की मौत का CCTV फुटेज सामने आया है। पहले बताया जा रहा था कि एक्टिवा ट्रॉली की चपेट में आ गई थी, लेकिन CCTV फुटेज सामने आने के बाद हादसे की असली वजह स्पष्ट हुई है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि एक्टिवा पर तीन लोग सवार थे।
तीनों सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से एक अन्य एक्टिवा आ गई और उनके बगल से ईंटों से भरी ट्रॉली गुजर रही थी। बचने के लिए एक्टिवा ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे एक्टिवा स्लिप हो गई और तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे बैठी हैंडबॉल खिलाड़ी अंशिका के सिर के ऊपर से ट्रॉली का टायर गुजर गया।
मृतका की पहचान 14 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई है। वह 9वीं कक्षा की छात्रा थी और हैंडबॉल की खिलाड़ी थी। आज ही उसे स्टेट लेवल मैच खेलने के लिए बठिंडा जाना था, लेकिन हादसे में उसकी मौत हो गई और होनहार खिलाड़ी का यह सपना अधूरा रह गया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. खंभे पर चढ़े युवक को करंट लगा, तारों से चिपका

मोगा जिले के गांव राउके कलां में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक खेतों में बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक बिजली की सप्लाई चालू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, युवक खंभे के ऊपरी हिस्से में लगे तारों से चिपक गया और उसका शरीर पीछे की ओर झुककर वहीं फंस गया। प्राथमिक जांच के अनुसार, युवक बिना सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और इंसुलेटेड ग्लव्स के खंभे पर चढ़ा था।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में करंट लगने से मौत का यह पहला मामला नहीं है। पिछले दिनों भी खेतों में काम करते समय एक अन्य व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. दिनदहाड़े 9 लाख के गहने और कैश चुराया

जालंधर में चोरों ने दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर करीब 8 से 9 लाख रुपए के सोने के जेवर और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने घर के मंदिर में रखी तिजोरी को भी नहीं छोड़ा और उसमें रखे 20 से 25 हजार रुपए निकाल लिए। परिवार के मुताबिक चोरी करीब एक घंटे के दौरान हुई।
पीड़ित सनी ने बताया कि वह किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। उनकी पत्नी देवी तालाब अस्पताल के पास एक मेडिकल स्टोर में काम करती हैं, जबकि उनकी माता चंचल दशमेश बेकरी में नौकरी करती हैं। घर पर ताला लगा हुआ था।
चंचल ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। उन्हें लगा कि शायद परिवार का कोई सदस्य अंदर होगा। आवाज लगाने पर जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पड़ोस के एक युवक को साथ लेकर घर की जांच की। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. फर्जी PCS बनकर AAP नेता से शादी की

फतेहगढ़ साहिब में एक महिला ने खुद को PCS अधिकारी बताकर AAP नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल से शादी कर ली। शादी के कुछ दिन बाद वह घर से सोने-चांदी के जेवर लेकर चली गई।
AAP नेता ने बताया कि इसके बाद जब उन्होंने महिला के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा थी और उसका तलाक हो चुका था। यह भी पता चला कि उसका करीब 18 साल का बेटा है।
AAP नेता का आरोप है कि महिला की उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में भी छेड़छाड़ की गई। फरवरी 2026 में दोनों की शादी हुई, जिसमें विधानसभा के स्पीकर से लेकर कैबिनेट मंत्री भी पहुंचे थे। मामले में पुलिस ने महिला मनविंदर कौर समेत 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का केस दर्ज किया है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
