Headlines

Punjab Chandigarh News | DGP Appointment, CMO Case & Top 10 Updates


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर राज्य में रेगुलर DGP की नियुक्ति है। पंजाब सरकार ने गौरव यादव को ही रेगुलर DGP अपॉइंट कर दिया है। अब उनका कार्यकाल 2 साल का होगा।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. 4 साल बाद रेगुलर DGP की नियुक्ति

पंजाब को 4 साल बाद रेगुलर DGP मिल गया। सरकार ने गौरव यादव को रेगुलर DGP नियुक्त किया है। इसे लेकर शुक्रवार को आदेश जारी किया गया। यह नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से भेजे गए पैनल पर विचार करने के बाद की गई है।

आदेश के मुताबिक, UPSC ने 1 जुलाई 2026 को पंजाब में DGP की नियुक्ति के लिए तीन IPS अधिकारियों का पैनल तैयार किया था। इसमें गौरव यादव के अलावा डॉ. शरद सत्य चौहान और हरप्रीत सिंह सिद्धू के नाम शामिल थे। आदेश के मुताबिक, DGP का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से कम से कम दो साल होगा। गौरव यादव जुलाई 2022 से कार्यकारी DGP के रूप में पुलिस विभाग की कमान संभाल रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

2. CMO के कथित भ्रष्टाचार केस से हटे जस्टिस

पंजाब के मुख्यमंत्री ऑफिस से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस शील नागू सुनवाई से हट गए हैं। पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें CBI को केस दर्ज कर आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे।

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपांकर दत्ता ने कहा कि मामले को किसी अन्य पीठ को सौंपने के लिए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) के समक्ष रखा जाना चाहिए, क्योंकि मौजूदा पीठ द्वारा मामले पर सुनवाई से आपत्तियां आ सकती हैं।

जस्टिस दत्ता ने कहा कि हम बहुत मुश्किल दौर में हैं। पता नहीं कब और कहां से हमला हो जाए। 17 अन्य बेंच हैं। हम मामले को CJI के पास भेजने के लिए आदेश पर हस्ताक्षर कर देंगे। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में प्रमोशन से पहले जस्टिस नागू पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस थे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. DA पर सरकार बोली- माफी मांगने को तैयार

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) के बकाये मामले में शुक्रवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान मुख्य सचिव केएपी सिन्हा पेश हुए। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव के खिलाफ अवमानना ​​मामले को रोस्टर बेंच को भेजा।

हाईकोर्ट ने कहा कि अदालत की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता। इस बीच सरकार के सीनियर एडवोकेट विकास सिंह ने कहा कि मुख्य सचिव का कोर्ट को गुमराह करने का कोई इरादा नहीं था और अगर कोर्ट चाहे तो वह बिना शर्त माफी मांगने को तैयार हैं। अब इस मामले में सोमवार को सुनवाई होगी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. मंगेतर को दूसरे लड़के संग देखने पर सुसाइड

लुधियाना में शादी से करीब 3 महीने पहले युवक रंजीत की मौत के मामले में पुलिस ने 40 दिन बाद केस दर्ज किया है। युवक की 8 अगस्त को सगाई हुई थी और 2 दिसंबर को शादी तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, इसी बीच रंजीत ने अपनी मंगेतर को किसी अन्य युवक के साथ देख लिया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

परिजन के मुताबिक, खुदकुशी से पहले रंजीत अपनी मंगेतर के घर गया था। वहां मंगेतर और उसके परिवार के सदस्यों के साथ विवाद हुआ था। 30 अगस्त की रात रंजीत ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। पुलिस ने शुरुआत में धारा 174 के तहत कार्रवाई की थी, लेकिन परिजनों के बयानों और तकनीकी सबूतों की जांच के बाद मंगेतर समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. पूर्व अकाली नेता ने DGP से सुरक्षा मांगी

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला से जुड़े मामले में श्री अकाल तख्त साहिब पेश होने जा रही पीड़ित महिलाओं को धमकियां मिलने का आरोप लगा है। पूर्व अकाली नेता बीबी रूप कौर संधू ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर यह दावा किया है। उन्होंने पंजाब के DGP से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

बीबी रूप कौर संधू ने पंजाब के DGP और श्री अकाल तख्त साहिब की टास्क फोर्स से पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इन महिलाओं को साथ लेकर अकाल तख्त साहिब में पेश होने का ऐलान किया था। इसके बाद उन्हें भी वहां न जाने के लिए दबाव डाला गया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. ट्रांसफार्मर को लेकर दो पक्ष भिड़े

लुधियाना में ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि करीब 15 युवकों ने लाठी-डंडों से एक परिवार और गली में रहने वाले लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान बच्चों को पिटता देख बुजुर्ग ने दीवार से छलांग लगा दी और हमलावरों का मुकाबला कर उन्हें बचाने की कोशिश की।

मामला न्यू बहादुर के स्थित बाजीगर डेरा गांव का है। बुजुर्ग करतार चंद के घर के पास बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी की जा रही थी। करतार चंद के परिवार और पूरे मोहल्ले ने इसका विरोध करते हुए कहा कि यहां छोटे बच्चे खेलते हैं। ऐसे में ट्रांसफार्मर लगने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

आरोप है कि करण मेडिकल और लवप्रीत की ओर से जबरन वहां ट्रांसफार्मर लगाने की जिद की जा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। (पढ़ें पूरी खबर)

7. ट्रेन रवाना करने को लेकर विवाद, स्टेशन सुपरिटेंडेंट और मैनेजर तलब

जालंधर में ट्रेन रवाना करने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान स्टेशन सुपरिटेंडेंट ने बीटीपीएन ट्रेन के मैनेजर को डंडा मार दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों को तलब किया है, जबकि जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है।

मामला जालंधर स्थित लोहियां खास रेलवे स्टेशन का है। शुक्रवार सुबह फिरोजपुर रेल मंडल से जम्मू जा रही बीटीपीएन ट्रेन लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन को आगे रवाना करने को लेकर कंट्रोल रूम या स्टेशन मास्टर की तरफ से कोई स्पष्ट संदेश नहीं मिल रहा था।

ट्रेन मैनेजर रवि वॉकी-टॉकी के जरिए लगातार स्टेशन सुपरिटेंडेंट से दिशा-निर्देश मांग रहे थे, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। इसके बाद लोको पायलट ज्ञान प्रकाश ने भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी कोई जवाब नहीं मिला। (पढ़ें पूरी खबर)

8. एक्सीडेंट के बाद तड़पता रहा घायल, नहीं पहुंची एम्बुलेंस

लुधियाना के घनी आबादी और भारी ट्रैफिक वाले ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में शुक्रवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ एक अज्ञात व्यक्ति मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम ‘108 एंबुलेंस’ समय पर नहीं पहुंची।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद एंबुलेंस के न आने से उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। सिस्टम की इस नाकामी और देरी के कारण उसने तड़प-तड़पकर सड़क पर ही दम तोड़ दिया। हादसा थाना मोती नगर के अंतर्गत आते ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड पर हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)

9. मैड संधू हत्याकांड में दो गैंगस्टर आमने-सामने

पंजाबी इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू मर्डर को लेकर दो गैंगस्टर आमने-सामने है। पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की वीडियो के बाद अब गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है। इसमें गोल्डी ढिल्लों शहजाद भट्टी के दावों पर सवाल उठाते हुए उसके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।

गोल्डी ढिल्लों का दावा है कि जब भट्टी को फार्म में पकड़ने की कोशिश की गई, तो वह अपनी चप्पलें वहीं छोड़कर भाग गया था। ब्राजील पहुंचने के बाद भट्टी होटल में तस्वीरें डालकर लोगों को यह बताने की कोशिश करता है कि गोल्डी तय समय पर उससे मिलने नहीं आया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. फैक्ट्री में CCTV लगने के अगले ही दिन चोरी

बठिंडा में एक चोर की कुछ रोचक चोरियों की घटनाएं सामने आई हैं। फैक्ट्री में सीसीटीवी कैमरे लगने के बावजूद चोर ने अगले ही दिन कूलर की मोटर चोरी कर ली। करीब 20 दिनों में तीन बार चोरी होने के बाद 8 अक्टूबर को चौथी बार वारदात करने पहुंचे युवक को फैक्ट्री मालिक ने स्थानीय लोगों की मदद से रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोगों ने युवक को पिलर से बांधकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। फैक्ट्री संचालक के अनुसार, लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए 5 अक्टूबर को CCTV कैमरे लगवाए गए थे। इसके बावजूद 6 अक्टूबर की सुबह करीब 9:15 बजे एक युवक फैक्ट्री में घुस गया। CCTV फुटेज में वह अंदर घूमता और सामान की रेकी करता दिखाई दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *