.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से जुड़ी रही। पेपर लीक मामले में उनके इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा- फॉर्मेसी में पेपर लीक नहीं हुआ और वह डिपार्टमेंट भी मेरा नहीं है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. इस्तीफे की मांग पर पंजाब के शिक्षा मंत्री सामने आए

नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा संघर्ष खत्म हो गया, लेकिन अब इसी मुद्दे पर पंजाब की राजनीति गरमा गई है। पंजाब सहित देश के कई नेता अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर से सवाल पूछ रहे हैं कि पंजाब में प्रोटेस्ट कब करोगे? वहां के एजुकेशन मिनिस्टर का इस्तीफा कब मांगोगे?
बॉलीवुड एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का एक वीडियो शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “अब पंजाब के शिक्षा मंत्री कब इस्तीफा दे रहे हैं? और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, तुम वहां कब विरोध-प्रदर्शन कर रहे हो?”
पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस ने एक वीडियो डालकर इन सभी का जवाब दिया है। उनका कहना है कि पंजाब में पेपर लीक का कोई मामला नहीं है। फॉर्मेसी में पेपर लीक नहीं, बल्कि नकल का मामला था, जिसे हमने ही पकड़ा था। वह तो डिपार्टमेंट भी मेरा नहीं है। वह पहले भी कह चुके हैं कि अगर उनके इस्तीफे से व्यवस्था सुधरती है तो वह इसके लिए हमेशा तैयार हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
2. AAP पार्षद कांग्रेस में शामिल, पार्टी से छिन सकता नेता प्रतिपक्ष का पद

चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पार्षद मुनव्वर ने AAP छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद नगर निगम सदन के राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। अब कांग्रेस के पार्षदों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जबकि AAP के पास 8 पार्षद रह गए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस सदन में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है और AAP तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
अब तक दूसरी सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण आम आदमी पार्टी के पास नेता प्रतिपक्ष का पद था। लेकिन कांग्रेस के 9 पार्षद होने के बाद पार्टी इस पद पर अपना दावा पेश करने की तैयारी में है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नियमों के अनुसार वे जल्द ही नगर निगम आयुक्त और मेयर के सामने नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए अपना दावा करेंगे।
चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 निर्वाचित पार्षद हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ सांसद को एक पदेन वोट का अधिकार भी है। मौजूदा स्थिति में भाजपा 18 पार्षदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। कांग्रेस के पास 9 और आम आदमी पार्टी के पास 8 पार्षद हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल का अब सदन में कोई पार्षद नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. ISI समर्थित BKI का आतंकी गिरफ्तार, 1.3 किलो IED भी बरामद

पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा चलाए जा रहे एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। सरहद पार से चलाए जा रहे आतंकवाद के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक आतंकी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जालंधर से इस आतंकी को पकड़ा है, जिसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आतंकी मॉड्यूल विदेशों में बैठे अपने हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहा था।
आरोपी के पास से 1.3 किलोग्राम हाई एक्सप्लोसिव से भरा एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) मिला है। आतंकी की अभी पहचान उजागर नहीं की गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, इस IED में लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भी पैक किए गए थे। विस्फोटक की बनावट और मात्रा से यह साफ जाहिर होता है कि आतंकी पंजाब में हमले की साजिश रच रहे थे। इस समय रहते की गई कार्रवाई से राज्य की शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है और दर्जनों निर्दोष लोगों की जानें बच गई हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. सुखबीर बादल का VIDEO वायरल, युवक बोला- अब बख्श दो

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल से जुड़े एक VIDEO को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। यह वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट पर रिकॉर्ड किया गया। जिसमें एक व्यक्ति सुखबीर बादल से कहता सुनाई देता है, “आपने कौम का बहुत नुकसान किया, अब कौम का पीछा छोड़ दो।”
इसके बाद में सामने आए अलग-अलग वीडियो और दावों ने विवाद को और हवा दे दी। कहीं पहले वीडियो को सही बताया गया तो कहीं उसे फेक करार दिया गया। किसी ने ऑडियो से छेड़छाड़ का आरोप लगाया, जबकि खुद को ‘अकाली दल- वारिस पंजाब दे’ का गुरदासपुर देहाती अध्यक्ष बताने वाले मनजिंदर सिंह बल ने कहा कि पहला वीडियो उन्हीं का है और उसमें कोई एडिटिंग नहीं हुई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर अकाली दल समर्थक, विरोधी और आम यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वायरल वीडियो और उनसे जुड़े दावों की पुष्टि नहीं करता। (पढ़ें पूरी खबर)
5. लेडी ट्यूटर ने अपने स्टूडेंट से संबंध बनाए, समझाने पर बोली- तलाक दे दूंगी

चंडीगढ़ में 32 साल की लेडी ट्यूटर के अपने ही 20 साल के स्टूडेंट से अफेयर का पता चलने पर पति ने सुसाइड कर लिया। परिवार ने पत्नी को समझाने की खूब कोशिश की लेकिन उसने कहा कि वह स्टूडेंट को नहीं छोड़ेगी और पति को तलाक दे देगी। इसका वीडियो भी सामने आया है। ज्यादा समझाने पर नाराज होकर वह बेटी को लेकर मायके चली गई।
जिसके बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके स्टूडेंट प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब मृतक के परिजनों, पत्नी और स्टूडेंट से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चंडीगढ़ पुलिस के मुताबिक 33 साल का मोनू पत्नी के साथ मौलीजागरां के मौली कॉम्पलेक्स में रहता था। 8 साल पहले उसकी शादी कोमल से हुई थी। जिसके बाद दोनों के एक बेटी पैदा हुई, जिसकी उम्र अब 6 साल है। उसकी पत्नी कोमल घर में ट्यूशन पढ़ाने का काम करती थी। उसके पास कई स्टूडेंट्स पढ़ाई करने के लिए आते थे। (पढ़ें पूरी खबर)
6. निहंग विक्की थॉमस को घोड़े की लीद उठाने की सजा

पंजाब में निहंग जसदीप की दूसरे निहंग के साथ अश्लील फोटो वायरल करने वाले चर्चित निहंग विक्की थॉमस ने माफी मांगी है। विक्की ने महाराष्ट्र से पंजाब आकर निहंग संगठन बुड्ढा दल के सामने पेश होकर गलती स्वीकार की। विक्की ने भरोसा दिया कि आगे से उनके पास किसी की कोई विवादित सामग्री आती है तो वह उसे सीधे सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेंगे, बल्कि पहले पंथ के वरिष्ठ सिंहों के सामने रखेंगे।
बुड्ढा दल ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए धार्मिक सजा सुनाई। विक्की थॉमस को अब बर्तनों की सफाई, घोड़ों को पानी पिलाने और लीद उठानी होगी। वहीं बुड्ढा दल ने ये भी साफ कर दिया कि जसदीप सिंह पर पहले लिया गया फैसला बरकरार रहेगा। उन्हें अगले आदेश तक निहंग बाणा पहनने, दस्तार सजाने और पंथ की अगुवाई की अनुमति नहीं होगी।
बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह ने कहा कि जसदीप सिंह से जुड़ा वीडियो और तस्वीरें सार्वजनिक होने के बाद संगत की ओर से लगातार मांग उठ रही थी कि विक्की थॉमस सामने आकर माफी मांगें। वीडियो से कई निहंगों की भावनाएं आहत हुईं और पूरे पंथ की बदनामी हुई। इसी वजह से उन्हें संगत के सामने पेश होकर माफी मांगने के लिए कहा गया। (पढ़ें पूरी खबर)
7. PAK की लेडी अफसर पंजाबी गानों की शौकीन

पाकिस्तान की सीनियर पुलिस अधिकारी डॉ. अनूश मसूद चौधरी पंजाबी गानों की बड़ी फैन हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सिद्धू मूसेवाला के ईस्ट साइड फ्लो, रंजीत बावा के शेर मारना, गुर सिद्धू के 8 पर्चे, आर नेत के दबदा किथे आ जैसे गानों पर कई रील्स बनाई हैं।
पेशावर की रहने वाली डॉ. अनूश फिलहाल पाकिस्तान के पंजाब एलीट पुलिस में डिप्टी डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन) के पद पर तैनात हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। उनके फेसबुक अकाउंट पर करीब 2.5 लाख फॉलोअर्स हैं।
डॉ. अनूश साल 2018 में खैबर पख्तूनख्वा की पहली महिला SSP बनी थीं। उस समय उनकी कार्यशैली के साथ-साथ उनकी खूबसूरती की काफी चर्चा हुई थी। इसके बाद वह लाहौर की भी SSP बनीं। डॉ. अनूश इंडियन म्यूजिक को खास पसंद करती हैं। उन्होंने पंजाबी के साथ हरियाणवी और बॉलीवुड गानों पर रील्स बनाई हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
8. CM बोले- नो कैश, नो सिफारिश पर मिल रहीं नौकरियां

सीएम भगवंत मान रविवार को मोहाली के जीरकपुर पहुंचे, जहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने NEET परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम ने विद्यार्थियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
सीएम ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों की बेहतर ट्रेनिंग को दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों के अध्यापकों और प्रिंसिपलों को देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण के लिए भेजा। शिक्षकों के बैच IIM अहमदाबाद और फिनलैंड गए, जहां उन्होंने आधुनिक शिक्षण तकनीकों और एडवांस टीचिंग स्किल्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
NEET में सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भगवंत मान ने कहा कि 882 बच्चों और उनके अभिभावकों का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि यह संख्या 1,000 के पार जा सकती थी, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं के कारण कई विद्यार्थियों का परीक्षा प्रक्रिया से भरोसा टूट गया और उन्होंने दोबारा परीक्षा देने का साहस नहीं जुटाया। सीएम ने कहा कि अब पंजाब में ‘नो कैश, नो सिफारिश’ पर नौकरियां मिल रहीं हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर विदेश से… 9. कनाडा में पंजाबी युवती की गोली मारकर हत्या

कनाडा के टोरंटो शहर में पंजाबी युवती नवनीत कौर(26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और कोर्ट की अंडरटेकिंग का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। उसके बाद युवक ने युवती पर गोली चला दी। फिर वह मौके से फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने इसे टारगेट किलिंग करार दिया है।
वहीं परिजनों का आरोप है कि युवक शादीशुदा होने के बावजूद युवती पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। इसी वजह से वह कुछ महीने पहले पंजाब भी लौट आई थी। इनकार करने पर उसने युवती की हत्या कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके… 10. मोबाइल चुराया, फिर उसी से शॉपिंग कर डाली

पठानकोट में चोरी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चोर सिर्फ मोबाइल लेकर नहीं भागा, बल्कि उसे ‘चलता-फिरता एटीएम’ बना डाला। शाहपुर चौक स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी का मोबाइल चोरी करने के कुछ ही मिनटों बाद आरोपी ने उसी फोन में गूगल-पे ऐप का इस्तेमाल कर ₹5,000 की शॉपिंग कर ली।
रविवार सुबह कर्मचारी जनक राज फैक्ट्री में अपने काम में व्यस्त था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक मौका देखकर उसका मोबाइल लेकर निकल गया। जब फोन नहीं मिला तो फैक्ट्री की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध युवक मोबाइल चुराकर ले जाता साफ दिखाई दिया। इसके बाद जब खाते की जानकारी देखी गई तो पता चला कि फोन चोरी होने के तुरंत बाद उससे ऑनलाइन लेनदेन भी किया गया है।
मोबाइल चोरी और बैंक खाते से रकम उड़ाए जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है। पुलिस अब फुटेज और साइबर तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
