Headlines

Ranchi Police Encounter | Kodha Gang Leader Rangila Shot Arrested


रांची34 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

रांची में लगातार महिलाओं को निशाना बनाकर चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले कोढ़ा गैंग पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। रविवार की दोपहर रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई में गिरोह का मुखिया रंगीला पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, भागने की कोशिश कर रहे गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हथियार, 10 से ज्यादा लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद किए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेरा इलाका

सिटी एसपी पारस राणा के मुताबिक, राजधानी में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह के बारे में अहम सुराग मिले थे। लालपुर, बरियातू और डोरंडा समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन छीनने की घटनाओं के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।

टीम संदिग्ध अपराधियों और उनके ठिकानों पर लगातार नजर रख रही थी। रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य रिंग रोड से सटे चुट्टू इलाके में जमा हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे।

सर्विस पिस्टल छीनी, पुलिस पर चलाई गोलियां

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने रंगीला को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के बाद उसने मौका पाकर एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की।

इसी दौरान पुलिस की गोली रंगीला के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मुठभेड़ के दौरान भाग रहे उसके दो साथियों को भी पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया।

लालपुर से डोरंडा तक हुई छिनतई से जुड़े तार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के राजधानी में हुई कई चेन छिनतई की घटनाओं से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इसी गिरोह ने लालपुर, बरियातू और डोरंडा समेत कई इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया था। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात के बाद लूटी गई सोने की चेन और अन्य सामान किसके जरिए खपाए जाते थे।

पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों की निशानदेही पर हथियार और 10 से अधिक लूटी गई चेन समेत अन्य सामान की बरामदगी से पुलिस को गिरोह की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और लूटे गए सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों की तलाश कर रही है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *