![]()
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। नामांकन प्रक्रिया के बाद रविवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई, जिसमें सभी 30 नामांकन वैध पाए गए। इसके साथ ही RCA की चुनावी पिच पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। इस बार चुनाव में भाजपा से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के पुत्रों के साथ भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न जिला क्रिकेट संघों के सचिव भी आमने-सामने नजर आ रहे हैं। अध्यक्ष पद से लेकर सचिव और अन्य पदों तक कई दिग्गज नाम मैदान में हैं। अब नाम वापसी के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी, लेकिन फिलहाल RCA के भीतर चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है। अध्यक्ष पद पर 5 नाम, मुकाबले में बड़े राजनीतिक परिवार अध्यक्ष पद के लिए धनंजय सिंह खींवसर, दीनदयाल कुमावत, पराक्रम सिंह राठौड़, राजेश सारस्वत और बृज किशोर उपाध्याय के नामांकन वैध पाए गए हैं। यानी फिलहाल अध्यक्ष की कुर्सी के लिए पांच दावेदार मैदान में हैं। इनमें धनंजय सिंह खींवसर स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे हैं, जबकि पराक्रम सिंह राठौड़ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद की लड़ाई में राजनीतिक परिवारों से जुड़े चेहरों की मौजूदगी ने चुनाव को खास बना दिया है। दूसरी ओर दीनदयाल कुमावत, राजेश सारस्वत और बृज किशोर उपाध्याय भी अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। अब इन दावेदारों की नजर उन जिला क्रिकेट संघों के सचिवों पर है, जो RCA चुनाव में वोटर की भूमिका में हैं। उपाध्यक्ष में भी 5 दावेदार, सचिव पद पर सबसे ज्यादा खींचतान उपाध्यक्ष पद के लिए पवन दिलावर, मोहित यादव, मनोज कुमार शर्मा, रतन सिंह शेखावत और मनोज चौधरी के नामांकन वैध हुए हैं। इनमें पवन दिलावर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे हैं, जबकि मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे हैं। सचिव पद पर सबसे ज्यादा 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें मोहित यादव, आशीष तिवारी, सुमेंद्र तिवारी, मनोज कुमार शर्मा, बृज किशोर उपाध्याय और पिंकेश कुमार जैन शामिल हैं। आशीष तिवारी राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी के बेटे हैं। इस तरह RCA के अलग-अलग पदों पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के परिवारों से जुड़े कई चेहरे एक साथ चुनावी मैदान में हैं। संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर भी सीधा मुकाबला संयुक्त सचिव पद के लिए विनोद सहारण, रतन सिंह शेखावत, सुशील जैन, गोविंद स्वरूप उपाध्याय और राजेश सारस्वत के नामांकन वैध पाए गए हैं। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए आशीष तिवारी, सुशील जैन, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, राजेश कुमार माथुर और पिंकेश कुमार जैन चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यकारी सदस्य के पद पर शोभना गुर्जर, अरिष्ट सिंघवी, धर्मवीर सिंह शेखावत और राकेश चौधरी के नामांकन वैध पाए गए हैं। यानी RCA के सभी छह पदों पर फिलहाल मुकाबला खुला हुआ है। अब असली खेल वोटरों को साधने का नामांकन पत्रों की जांच पूरी होते ही अब RCA चुनाव में असली राजनीतिक और संगठनात्मक कवायद शुरू हो गई है। जिला क्रिकेट संघों के lसचिव RCA के वोटर हैं और ऐसे में सभी उम्मीदवार इन वोटरों से संपर्क साधने में जुट गए हैं। अलग-अलग गुटों की ओर से समर्थन जुटाने के दावे भी किए जा रहे हैं। बृज किशोर उपाध्याय और पिंकेश जैन से जुड़े गुट की ओर से सबसे ज्यादा वोटरों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। वहीं धनंजय सिंह खींवसर गुट भी लगातार जिला क्रिकेट संघों के सचिवों से संपर्क कर रहा है। दूसरी तरफ पराक्रम सिंह राठौड़ और दीनदयाल कुमावत भी अपने स्तर पर वोटरों से संपर्क में हैं। ऐसे में नामांकन के बाद अब RCA का चुनाव मैदान सिर्फ नामांकन तक सीमित नहीं है। हर वोटर को साधने, समर्थन जुटाने और अंतिम समय तक समीकरण अपने पक्ष में करने की कवायद तेज हो गई है। हालांकि कौन किस पैनल के साथ रहेगा, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। नाम वापसी के बाद बदलेगी चुनाव की तस्वीर निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी सूची में सभी 30 नामांकन वैध पाए गए हैं। अब अगला बड़ा पड़ाव नाम वापसी का होगा। नाम वापसी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि 6 पदों पर कितने उम्मीदवार अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहते हैं और कौन-कौन से पैनल आमने-सामने होंगे। फिलहाल अध्यक्ष पद पर पांच और सचिव पद पर छह दावेदार होने से RCA चुनाव में मुकाबला बहुकोणीय दिखाई दे रहा है। राजनीतिक परिवारों से जुड़े चेहरों, जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े नेताओं की मौजूदगी ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के इस चुनाव को प्रदेश के क्रिकेट जगत के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना दिया है।
Source link
RCA-चुनाव में 30 नामांकन वैध; अध्यक्ष पद पर 5 दावेदार:नेताओं के बेटों के साथ जिला संघों के सचिव आमने-सामने; वोटरों को साधने की कवायद तेज
