- Hindi News
- Sports
- Spain Beats Belgium 2 1, Merino Scores Winner; Faces France In World Cup Semis
इंगलवुड (अमेरिका)।18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

2010 की चैंपियन स्पेन फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उसने शुक्रवार रात बेल्जियम को 2-1 से हराया। अब उसका सामना फ्रांस से होगा। यह मैच 14 जुलाई की रात 12:30 बजे खेला जाएगा।
लॉस एंजिल्स स्टेडियम में दूसरा क्वार्टर फाइनल 87 मिनट तक 1-1 से बराबरी पर था। 88वें मिनट में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने विजयी गोल दागा। स्पेन के पाउ क्यूबार्सी की किक बेल्जियम के रिजर्व गोलकीपर सेने लामेन्स के हाथ से छूट गई। मेरिनो ने रिबाउंड पर गोल कर दिया।
स्पेन की टीम वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची है। उसने पिछली बार 2010 में इस दौर में जगह बनाई थी। उस एडीशन में स्पेन ने नीदरलैंड को 1-0 से हराकर पहला खिताब जीता था।

आज रात 2:30 बजे से नार्वे-इंग्लैंड और कल सुबह 6:30 बजे से अर्जेंटीना-स्विटजरलैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे। इन मैचों से दूसरे सेमीफाइनल की टीमें तय होंगी।
मैच में खास
- चार्ल्स डी केटेलेरे ने स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन के लगातार 650 मिनट तक गोल नहीं खाने का सिलसिला तोड़ दिया। सिमोन ने सबसे ज्यादा समय तक गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने इटली के दिग्गज गोलकीपर वाल्टर जेंगा का 517 मिनट का रिकॉर्ड तोड़ा था।
- स्पेन लगातार 36 इंटरनेशनल मैच से अजेय है। टीम को पिछली हार 2023 में कोलंबिया से मिली थी। उसने 2019-22 के बीच अर्जेंटीना के लगातार 36 मैच अजेय रहने के रिकॉर्ड की बराबरी की है। वह इटली के लगातार 37 जीत के रिकॉर्ड से एक जीत पीछे है।
मेरिनो ने लगातार दूसरे मैच में निर्णायक गोल किया
- मिकेल मेरिनो लगातार दूसरे नॉकआउट मैच में स्पेन के मैच विनर साबित हुए। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ इंजरी टाइम में विजयी गोल किया था।
- बेल्जियम के खिलाफ 86वें मिनट में मैदान पर उतरने के दो मिनट बाद ही उन्होंने निर्णायक गोल दाग दिया। वह टीम के सबसे भरोसेमंद इम्पैक्ट खिलाड़ी साबित हुए हैं।
जनवरी 2026 में मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ मैच के दौरान मेरिनो के दाएं पैर में स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया था। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। करीब चार महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद उन्होंने वर्ल्ड कप टीम में वापसी की।

मेरिनो ने मैदान पर आने के 2 मिनट बाद ही गोल कर दिया।
स्पेन ने इस वर्ल्ड कप में पहला गोल खाया
स्पेन ने 30वें मिनट में फाबियन रुइज के गोल से बढ़त बनाई। हालांकि, बेल्जियम ने 41वें मिनट में चार्ल्स डी केटेलेरे के गोल से बराबरी कर ली। यह वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ पहला गोल था।

बेल्जियम के केटेलेरे ने 41वें मिनट में गोल किया। यह मौजूदा वर्ल्ड कप में स्पेन के खिलाफ पहला गोल था।
गोलकीपर कोर्टुआ चोटिल हुए, रिजर्व गोलकीपर पर बढ़ा दबाव
बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर थिबाउ कोर्टुआ 71वें मिनट में जांघ की चोट के कारण मैदान छोड़ने को मजबूर हुए। उनकी जगह आए सेने लामेन्स निर्णायक क्षण में रिबाउंड नहीं संभाल सके, जिसका स्पेन ने फायदा उठाया।

थिबाउ कोर्टुआ मैच के दौरान चोटिल हो गए। उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।
आखिरी में स्पेन का वर्ल्ड कप अभियान देखिए…

यूरोप की 2 सबसे मजबूत टीमें में सेमीफाइनल
स्पेन और फ्रांस मौजूदा दौर की सबसे मजबूत यूरोपीय फुटबॉल टीमों में गिनी जाती हैं। स्पेन तेज पासिंग और बॉल पोजिशन के लिए जाना जाता है, जबकि फ्रांस की ताकत तेज काउंटर अटैक और मजबूत फॉरवर्ड लाइन है। ऐसे में सेमीफाइनल को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
———————————————————–
फुटबॉल वर्ल्ड कप की यह खबर भी पढ़िए…
अर्जेंटीना के सामने स्विट्जरलैंड, मेसी फुटबॉल वर्ल्ड कप में 8 गोल कर चुके

FIFA वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना का मुकाबला स्विट्जरलैंड से होगा। मेसी इस टूर्नामेंट में 8 गोल कर गोल्डन बूट की रेस में दूसरे स्थान पर हैं। एक गोल करते ही वे टॉप पर पहुंच जाएंगे। मैच भारतीय समयानुसार 12 जुलाई को सुबह 6:30 बजे से खेला जाएगा। पढ़ें पूरी खबर

