- Hindi News
- National
- Udhayanidhi Stalin Trisha Krishnan Remark; Tamilnadu TVK DMK | Madras HC
चेन्नई2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चेन्नई पुलिस ने मंगलवार को उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया है।
तमिलनाडु में विपक्ष के नेता और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर कावेरी जल विवाद पर आयोजित एक रैली में अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं में केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दी है।
सोमवार को तंजावुर में कावेरी मुद्दे पर आयोजित रैली में उदयनिधि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान भीड़ से कुछ लोगों ने “तृषा, तृषा” के नारे लगाए।
आरोप है कि इस पर उदयनिधि ने कहा, “पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए।” बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनका इशारा कावेरी के पानी की ओर था।
हालांकि, विपक्षी दलों ने इस टिप्पणी को अभिनेत्री तृषा से जोड़ते हुए डबल मीनिंग और महिलाओं का अपमान करने वाला बताया। इसी विवाद के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

चेन्नई पुलिस ने उदयनिधि के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे डीएमके कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया है।
कई पार्टियों ने भी आलोचना की थी
टीवीके विधायक रेवंत चरण ने कहा कि इससे डीएमके की राजनीतिक संस्कृति और सोच उजागर होती है। टीवीके नेता आधव अर्जुन ने उदयनिधि को “अश्लील निधि” बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीतिक संवाद का स्तर गिराया है।
तमिलनाडु भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने टिप्पणी को अश्लील और शर्मनाक बताते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने कहा कि उन्हें अभिनेत्री तृषा से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

DMK की सफाई- उदयनिधि ने किसी का नाम नहीं लिया
डीएमके सांसद टी.आर. बालू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उदयनिधि ने किसी महिला का नाम नहीं लिया और पूरा विवाद झूठा है। वहीं, पूर्व मंत्री टी. मनो थंगराज ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि कावेरी मुद्दे और डेल्टा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए इस विवाद को हवा दी जा रही है।
तृषा और विजय के रिश्ते की चर्चाएं
तृषा कृष्णन और विजय पिछले दो दशक से तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ों में रहे हैं। दोनों ने ‘घिल्ली’, ‘थिरुपाची’, ‘आथि’, ‘कुरुवी’ और ‘लियो’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है।
पिछले कुछ सालों से दोनों के रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। तिरुमाला मंदिर में साथ दिखने और निजी मुलाकातों की खबरों के बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ा। हालांकि, विजय और तृषा दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है।

विजय और तृषा के रिश्ते को लेकर चर्चाएं रहती हैं, दोनों ने न ही इसे माना है, न ही नकारा है।

