![]()
उतर प्रदेश STF ने अंबाला से 25 हजार के इनामी बदमाश राहुल वेद को गिरफ्तार किया। इसके बाद 12 अक्टूबर को ही मेरठ में हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, राहुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। STF ने राहुल को 12 अक्टूबर की रात करीब 12:05 बजे अंबाला कैंट थाना क्षेत्र से पकड़ा था। इसके बाद 12 अक्टूबर की सुबह उसे मेरठ के भावनपुर थाने में दाखिल किया गया। वह 21 अप्रैल 2026 को गढ़ रोड पर अंकुर गार्डन रिजॉर्ट के पास सर्राफा व्यापारी से आभूषणों से भरा बैग लूटने के मामले में वांछित था। इस मामले में भावनपुर थाने में केस दर्ज किया गया था। अंबाला में बेच दिए थे लूटे गए आभूषण मेरठ पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी को हथियार दिखाकर लूटा था। वारदात में उसके हिस्से में आए सोने-चांदी के आभूषण उसने अंबाला में एक राहगीर को बेच दिए थे। इससे उसे करीब 45 हजार रुपए मिले थे, जिन्हें उसने खाने-पीने और अन्य मुकदमों की पैरवी में खर्च कर दिया। पुलिस के मुताबिक, राहुल ने पूछताछ में वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और कारतूस जिठौली में निर्माणाधीन पुल के पास सीमेंट के पिलर नंबर-24 के नजदीक छिपाकर रखने की बात कही थी। 12 अक्टूबर को पुलिस उसे हथियार बरामद कराने के लिए वहां लेकर गई थी। पुलिस का दावा है कि बरामदगी के दौरान राहुल ने तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे और निशानदेही से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायल राहुल को पुलिस हिरासत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले में दर्ज मुकदमे में लूट से संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए इसे बीएनएस की धारा 310(2) और 61(2) में परिवर्तित किया है। नासिक में भी ज्वेलरी शॉप लूटने का आरोप STF के अनुसार, राहुल फरारी के दौरान महाराष्ट्र के नासिक जिले के पंचवटी थाना क्षेत्र में मई 2026 में हुई ज्वेलरी शॉप लूट की वारदात में भी वांछित है। इस मामले में पंचवटी थाने में केस दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राहुल के खिलाफ मेरठ और नासिक में लूट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। हरियाणा में भी उसके खिलाफ करीब 9 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।
Source link
अंबाला से रात में पकड़ा बदमाश, सुबह मेरठ में एनकाउंटर:हथियार बरामदी में ले गई पुलिस पर की फायरिंग; पैर में लगी गोली
