![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ऊना ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार सवार युवक को 711 ग्राम चरस और 54 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक कार में नशीले पदार्थ लेकर अंब क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने अंब चौक पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान, कार में सवार अवतार कुमार निवासी वार्ड नंबर-1, लोअर भंजाल, तहसील घनारी, जिला ऊना के कब्जे से 711 ग्राम चरस और 54 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी अवतार कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे नशा तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
Source link
अंब में चरस- अफीम समेत युवक अरेस्ट:कार में लेकर जा रहा, SIU ने नाकाबंदी कर दबोचा, नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
