![]()
संभल में जिला न्यायालय परिसर स्थित बार रूम में चंदौसी बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी की ओर से चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद विवाद शुरू हो गया है। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे कुछ अधिवक्ताओं ने एल्डर कमेटी के चेयरमैन, अध्यक्ष और सचिव को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। विरोध कर रहे अधिवक्ताओं ने चंदौसी बार की सदस्यता रखने वाले सभी पात्र अधिवक्ताओं को मतदान का अधिकार देने की मांग की। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि इस बार 329 नए वोट किस आधार पर बनाए गए हैं। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। अधिवक्ता अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि पहले 872 अधिवक्ताओं की मतदाता सूची तैयार की गई थी, इसके बाद 329 नए वोट जोड़े गए। उनका आरोप है कि इनमें रामपुर, बदायूं, मुरादाबाद, मेरठ, आगरा और प्रयागराज समेत अन्य स्थानों के अधिवक्ता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि एल्डर कमेटी ने मनमाने तरीके से नए वोट बनाए हैं और उन्हें मतदान का अधिकार दिया जा रहा है। विरोध कर रहे अधिवक्ताओं ने कमेटी से नए सदस्यों को मतदाता सूची में शामिल करने का आधार स्पष्ट करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया पर जताई आपत्ति अधिवक्ता विष्णु मिश्रा ने कहा कि नए सदस्यों को शामिल किए जाने के विरोध में उनका धरना उचित है। उनका आरोप है कि चुनाव कमेटी ने ऐसे लोगों को सदस्य बनाया है, जो चंदौसी बार से संबंधित नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि बदायूं, बिसौली, सहसवान, हसनपुर, बरेली और रामपुर समेत दूसरे स्थानों के अधिवक्ताओं को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे सदस्यों को चंदौसी बार की चुनाव प्रक्रिया में शामिल करने का आधार क्या है। 40 से अधिक अधिवक्ताओं ने किया समर्थन सांकेतिक धरना-प्रदर्शन में महेश सिंह, अजय कुमार श्रीधर, राजवीर सिंह, मोहम्मद आबाद मियां कुरैशी, राजेश कुमार, शरद यादव, उपेंद्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा और विष्णु शर्मा समेत 40 से अधिक अधिवक्ताओं ने समर्थन किया। विरोध कर रहे अधिवक्ताओं ने एल्डर कमेटी से मतदाता सूची की समीक्षा करने और नए बनाए गए वोटों का आधार स्पष्ट करने की मांग की है। 28 सितंबर को जारी की गई थी संशोधित मतदाता सूची चंदौसी बार एसोसिएशन की ओर से 28 सितंबर को नए अधिवक्ता वोटरों को शामिल करते हुए मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन किया गया था। इसके बाद संशोधित सूची जारी की गई। एल्डर कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा भी कर दी। 5 और 6 अक्टूबर को होगा नामांकन चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता के मुताबिक, 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। 7 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक नाम वापसी और नामांकन पर आपत्तियां ली जाएंगी। इसी दिन दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 8 अक्टूबर को चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 13 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन मतगणना के बाद देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
Source link
चंदौसी बार एसोसिएशन के चुनाव की घोषणा के बाद प्रदर्शन:अधिवक्ताओं ने एल्डर कमेटी को सौंपा ज्ञापन, बाहरी को मतदान का अधिकार देने पर सवाल
