Headlines

अग्रोहा पुलिस ने अरेस्ट किया कार चोर:किरमारा धाम की पार्किंग से चोरी आल्टो बरामद, फतेहाबाद का रहने वाला




अग्रोहा के किरमारा धाम की पार्किंग से चोरी हुई आल्टो कार के मामले में थाना अग्रोहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र निवासी बन मन्दोरी, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। थाना प्रभारी अग्रोहा निरीक्षक ईश्वर सिंह ने बताया कि सिवानी बोलान निवासी प्रदीप कुमार ने 12 अगस्त 2026 को शिकायत दी थी कि वह किरमारा धाम में धोक मारने के लिए आया था। उसने अपनी आल्टो कार धाम के बाहर पार्किंग में खड़ी की थी। करीब दो घंटे बाद वापस लौटने पर कार वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना अग्रोहा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी से मिला सुराग मामले की जांच ASI विनोद कुमार की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ साइबर सेल की सहायता ली। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य विश्वसनीय स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी राजेंद्र की निशानदेही पर चोरी की गई आल्टो कार बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान उससे वारदात के संबंध में पूछताछ करने के साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वह वाहन चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है या नहीं। वाहन चोरी पर पुलिस की कार्रवाई जारी पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन ने कहा कि जिले में वाहन चोरी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *