Headlines

अबोहर डॉ. अमनदीप हत्या कांड-कार्रवाई को लेकर हाईवे जाम:कार्रवाई के आश्वासन पर माने, तीसरे दिन बाद कल होगा पोस्टमार्टम, SHO को सस्पेंड की मांग




अबोहर के गांव गिदड़ांवाली में युवा प्राइवेट वेटरनरी डॉक्टर अमनदीप सिंह की बेरहमी से की गई हत्या के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के तीसरे दिन भी परिजनों ने पुलिस की ढिलाई के विरोध में शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इंकार कर दिया। परिजनों ने विभिन्न किसान संगठनों और राजनीतिक नेताओं के साथ मिलकर अबोहर-श्रीगंगानगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। कल शव को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने गिदड़ांवाली बस स्टैंड के पास हाईवे पर दरी बिछाकर सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। चक्का जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप्प हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में ढिलाई बरतने वाले संबंधित थाना प्रभारी को तुरंत निलंबित (सस्पेंड) करने की मांग पर अड़े हैं। नशा तस्करों के खिलाफ वीडियो बना था वजह मृतक के परिजनों के अनुसार, अमनदीप के भाई रमनदीप ने करीब एक सप्ताह पहले इलाके में सक्रिय नशा तस्करों का भंडाफोड़ करते हुए एक वीडियो बनाया था। परिजनों का आरोप है कि मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी मनीष कुमार, साजन सिंह और जगमीत सिंह इसी नशा गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकियां दी थीं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने धमकी भरा वीडियो और लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी थी, लेकिन पुलिस ने इसे पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। परिजनों का साफ मानना है कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो अमनदीप की जान बचाई जा सकती थी। किसान नेता व राजनीतिक दल धरने पर बैठे दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के तीन मुख्य आरोपियों के अलावा धमकी देने वाले चौथे युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं धरने में भाजपा नेता शिवराज चौधरी, किसान नेता गुणवंत पंजावा, सुखमंदर सिंह, सुखजिंदर राजन, सुधीर भादू और दीप कंबोज सहित भारी संख्या में लोग पहुंचे। भाजपा नेता शिवराज चौधरी ने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब न्याय देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *