Headlines

अमृतपुर के 27 गांव बाढ़ के चपेट में आए:21 हजार से अधिक लोग प्रभावित, घरों तक पहुंचा पानी; 22 नाव और 6 मोटरबोट तैनात




फर्रुखाबाद के अमृतपुर में गंगा नदी की बाढ़ का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को कई गांवों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, तहसील क्षेत्र के 27 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में आवागमन के लिए 22 नाव और 6 मोटरबोट तैनात की हैं। बाढ़ से तहसील क्षेत्र के 5456 परिवारों के 21,160 लोग प्रभावित हुए हैं। बड़ी संख्या में लोगों को रामनिवास डिग्री कॉलेज, चित्रकूट स्थित बाढ़ शरणालय में ठहराया गया है। वहीं, सैकड़ों बीघा फसलें पानी में डूब गई हैं। इनमें धान की फसल को सबसे अधिक नुकसान बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक सप्ताह से खेतों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। इससे पशुओं के लिए रखा चारा खराब हो गया है और अब चारे का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को पशुओं के लिए चारा जुटाने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
खाटू श्याम मंदिर के आसपास भी भरा पानी नासा के पुल के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर के आसपास भी बाढ़ का पानी भर गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए ड्रोन व्यू में बाढ़ की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है। इसमें स्टेट हाईवे के दोनों ओर दूर तक खेत पानी में डूबे नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने बढ़ाई राहत और आवागमन की व्यवस्था बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों की आवाजाही के लिए नाव और मोटरबोट तैनात की गई हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर और जलभराव के बीच ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *