Headlines

अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बैठक:बंदी सिंहों की रिहाई के लिए 29 अगस्त को अरदास; दरबार साहिब में बनेंगे 2 स्मारक




शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की अंतरिम कमेटी की बैठक अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अगुवाई में हुई। बैठक में बंदी सिंहों की रिहाई, ऐतिहासिक स्मारकों के निर्माण और विभिन्न धार्मिक व शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में श्री दरबार साहिब परिसर में भाई गुरदास जी और शहीद भाई मनी सिंह जी की स्मृति में स्मारक बनाने को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। इसके अलावा शहीद भाई जसवंत सिंह खालड़ा की याद में हरिके पत्तन में एक स्मारक स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। एडवोकेट धामी ने कहा कि सिख इतिहास में इन महान विभूतियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनकी स्मृति को स्थायी रूप से संरक्षित किया जाएगा। 27 अगस्त को भी गुरुद्वारा साहिबों में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होंगे एसजीपीसी ने निर्णय लिया कि बंदी सिंहों की रिहाई और चढ़दी कला के लिए 27 अगस्त को सभी गुरुद्वारा साहिबों में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होंगे। 29 अगस्त को पाठों के भोग के बाद सामूहिक अरदास की जाएगी। एसजीपीसी के अधीन सभी शिक्षण संस्थानों और ट्रस्टों में भी उसी दिन श्री सुखमनी साहिब के पाठ करवाए जाएंगे। बैठक में भाई जगतार सिंह हवारा को उनकी गंभीर रूप से बीमार माता से मिलने के लिए पैरोल देने की मांग भी दोहराई गई। साथ ही भाई बलवंत सिंह राजोआणा की सजा में तब्दीली के लंबित मामले पर चिंता व्यक्त की गई। अंतरिम कमेटी ने 1984 सिख विरोधी दंगों के दोषी रहे सज्जन कुमार की मृत्यु के बाद कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई कथित प्रशंसा की निंदा की। धामी बोले- दोषियों को समय रहते कड़ी सजा मिलनी चाहिए थी धामी ने कहा कि दोषियों को समय रहते कड़ी सजा मिलनी चाहिए थी ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। बैठक में शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले और कनाडा के एडमंटन स्थित गुरुद्वारा नानकसर साहिब में सेवादारों पर हुए हमले की भी निंदा की गई। इसके अलावा मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज, शाहाबाद मारकंडा के लिए 2.5 करोड़ रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई। बैठक में विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *