![]()
अयोध्या में आगामी 26अगस्त को मनाए जाने वाले बारावफात त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.गौरव ग्रोवर के निर्देश पर जिले के सभी थानों, कोतवाली और पुलिस चौकियों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में क्षेत्र के संभ्रांत लोगों, मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया जा रहा है। त्योहार की तैयारियों और जुलूस से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके। रविवार 23 अगस्त को जिले के कोतवाली रुदौली, बाबा बाजार,मवई,पटरंगा, रौनाही, पूरा कलंदर, खंडासा, कुमारगंज और इनायतनगर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ बैठकें कीं। देवगांव,खंडासा और हैरिंग्टनगंज जैसी पुलिस चौकियों पर भी बैठकें आयोजित कर लोगों से सहयोग की अपील की गई। क्षेत्राधिकारी और एसडीएम स्तर के अधिकारियों ने जुलूस के संभावित मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनका मुख्य उद्देश्य जुलूस के दौरान किसी भी तरह की बाधा या अव्यवस्था को रोकना है। कुमारगंज थाना क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल की अध्यक्षता में हुई पीस कमेटी की बैठक में मुस्लिम समुदाय के लोगों से बारावफात के जुलूस से संबंधित विस्तृत जानकारी ली गई। इसमें जुलूस में शामिल होने वाले लोगों की संख्या, उसका मार्ग और अधिक भीड़ वाले संभावित स्थानों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर शाम के समय पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। गश्त के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने रविवार को बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिसकर्मी गश्त के साथ-साथ संभ्रांत लोगों से संवाद भी कर रहे हैं। त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है।
Source link
अयोध्या में बारावफात को लेकर अलर्ट:पीस कमेटी की बैठकें जारी, खलल डालने वालों पर पुलिस की रहेगी नजर
