![]()
अयोध्या के दर्शन नगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार रात स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई। डॉक्टरों ने मरीजों की ब्लड जांच लिख दी, लेकिन जांच का पंजीकरण कराने के लिए कर्मचारी ही मौजूद नहीं मिले। नतीजतन मरीजों के तीमारदार रात 11 बजे तक पर्चा हाथ में लेकर काउंटरों के चक्कर काटते रहे। तीमारदार दिनेश कुमार, ओम प्रकाश, राज कुमार, बद्री विशाल और स्नेहलता ने बताया कि ब्लड जांच पंजीकरण केंद्र पर कुल पांच काउंटर हैं। रात करीब आठ बजे के बाद काउंटर नंबर-4 को छोड़कर बाकी सभी काउंटर बंद पड़े थे। किसी भी काउंटर पर कर्मचारी नहीं मिला, जिससे जांच का पंजीकरण नहीं हो सका। गंभीर मरीजों का इलाज भी हुआ प्रभावित तीमारदारों का कहना है कि कई मरीज गंभीर हालत में हैं, लेकिन जांच पंजीकरण न होने से उनका इलाज प्रभावित हो रहा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों के परिजन घंटों तक कर्मचारियों का इंतजार करते रहे। देर रात तक कोई जिम्मेदार अधिकारी भी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। रात की ड्यूटी में स्टाफ बढ़ाने की मांग अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने मांग की कि रात की ड्यूटी में भी पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीएमएस बोले- जांच कर होगी कार्रवाई मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार सभी कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित रहती है। यदि कोई कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया तो मामले की जांच कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में मरीजों को ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े। मौके की तस्वीर अलग हालांकि, अस्पताल का दृश्य सीएमएस के दावे से अलग नजर आया। रात 11 बजे तक अधिकांश पंजीकरण काउंटर खाली पड़े रहे और दर्जनों तीमारदार ब्लड जांच का पंजीकरण कराने के इंतजार में बैठे रहे। जबकि प्रदेश सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश दे रही है, इसके बावजूद राजकीय मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाओं की पोल खुलती दिखाई दी।
Source link
अयोध्या मेडिकल कॉलेज- रात में ब्लड जांच पंजीकरण ठप:मरीज-तीमारदार घंटों परेशान, सीएमएस के आदेशों की अनदेखी
