![]()
भास्कर न्यूज | चरही चरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को लगे निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के गांवों से पहुंचे महिला-पुरुषों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से आंखों की जांच कराई। शिविर में मरीजों की जांच के साथ उनका निबंधन भी किया गया, ताकि जरूरतमंदों को आगे का उपचार मिल सके। शिविर का आयोजन लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेत्र अस्पताल, बहेरा (चौपारण) के तत्वावधान में किया गया। जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण मिले, उन्हें ऑपरेशन के लिए बहेरा आश्रम बुलाया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार निर्धारित तिथि पर चयनित मरीजों को वाहन से बहेरा आश्रम ले जाया जाएगा। वहां मोतियाबिंद का ऑपरेशन निःशुल्क किया जाएगा। ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चश्मा भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। ऑपरेशन पूरा होने के बाद मरीजों को वापस चरही लाने की व्यवस्था भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से की जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आंखों के इलाज के लिए होने वाले खर्च से राहत मिलेगी। शिविर में निःशुल्क जांच से लेकर ऑपरेशन, दवा, चश्मा और आवागमन की सुविधा मिलने की जानकारी पर ग्रामीणों में उत्साह रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे लोगों तक नेत्र उपचार की सुविधा पहुंचाना रहा, जो आर्थिक या अन्य कारणों से समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं।
Source link
आंखों की रोशनी की जांच से लेकर ऑपरेशन तक सब मुफ्त
