![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट उपमंडल स्थित अंबोआ के जंगल से एक युवती का शव बरामद हुआ है। शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान अंबोआ गांव निवासी 26 वर्षीय वैशाली के रूप में हुई है, जो बीते रविवार से लापता थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, वैशाली 19 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दौलतपुरा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने युवती की तलाश के लिए जांच आगे बढ़ाई। बताया जा रहा है कि दो महीने बाद वैशाली की शादी होने वाली थी। गुरुवार को वैशाली का शव अंबोआ के जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। डीएसपी अनिल पटियाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। RFSL टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (RFSL) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही युवती की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। उधर, एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि युवती का शव जंगल से मिला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तकनीकी विवरणों को खंगाला जा रहा है।
Source link
ऊना में पेड़ से लटका मिला युवती का शव:19 जुलाई से संदिग्ध हालत में घर से लापता; 2 महीने बाद होनी थी शादी
