![]()
शिवपुरी जिले के पिछोर-मायापुर रोड पर रात में हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति सड़क पर पड़ा मिला। इसी दौरान रात्री गश्त पर निकले एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य की नजर घायल पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायल को उठाया और अपनी गाड़ी से पिछोर अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से घायल की जान बचाई जा सकी। 3-4 अक्टूबर की दरमियानी रात एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य पुलिस बल के साथ रात्री गश्त पर निकले थे। वे पिछोर से मायापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि कुछ ही देर पहले उसका एक्सीडेंट हुआ था। एसडीओपी ने बिना देर किए वाहन रुकवाया और हमराह पुलिस बल के साथ घायल के पास पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायल को उठाया और उसकी स्थिति की जानकारी ली। पूछताछ में घायल ने अपना नाम जयराम पाल बताया। अस्पताल पहुंचाकर शुरू कराया इलाज घायल की हालत को देखते हुए एसडीओपी प्रमोद शाक्य ने उसे तत्काल पिछोर अस्पताल पहुंचाया। पुलिसकर्मी घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने घायल के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी और जयराम पाल के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी था। रात में मौके से गुजर रही पुलिस टीम की नजर घायल पर पड़ने और तत्काल मदद मिलने से उसे समय पर उपचार मिल सका। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य और उनके साथ मौजूद पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
Source link
एसडीओपी ने सड़क पर पड़े घायल युवक को देखा:अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, समय पर इलाज मिलने से बची जान
