![]()
ग्रेग ब्रॉकमैन की कार्यशैली उनके बहुत बडी हस्ती होने का अहसास नहीं कराती है। कंपनी को शिखर तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। फिर भी, वे सामान्य इंजीनियर की तरह घंटों काम करते हैं। पूर्व सहयोगी उन्हें ओपनएआई में सबसे ज्यादा कड़ी मेहनत करने वाला शख्स मानते हैं। वे हर सप्ताह 60 से 80 घंटे तक काम में जुटे रहते हैं। उनका 80 प्रतिशत समय कोडिंग में बीतता है। वे ‘10 X इंजीनियर’ के खांचे में फिट बैठते हैं। टेक्नोलॉजी के गढ़ सिलिकॉन वैली में यह विशेषण दस सामान्य कोडरों के बराबर काम करने वाले इंजीनियर के लिए इस्तेमाल होता है। ब्रॉकमैन के परिवार का साइंस की दुनिया से पुराना नाता है। उनके माता-पिता डॉक्टर थे। कम आयु से ग्रेग का झुकाव मैथ्स की तरफ था। उन्होंंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से मैथ्स में ग्रेजुएशन किया है। मैसाचुसेट्स टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई अधूरी छोड़ने के बावजूद उन्होंने कंप्यूटर से जुड़े कारोबार को अपनी पहचान बनाया है। 39 साल के ब्रॉकमैन की महत्वाकांक्षा अनंत है। उन्होंने पेमेंट कंपनी स्ट्राइप से अपना करियर शुरू किया। पांच साल तक कंपनी का चीफ टेक्नोलॉजी अधिकारी रहने के बाद उन्होंने 2015 में ओपनएआई की बुनियाद रखी। ग्रेग मानते हैं कि यदि आपके पास दस लोगों की टीम है तो काम दस गुना होना चाहिए। इसलिए ब्रॉकमैन ऑफिस में घूमते हुए देखते हैं कि कौन से नए प्रोजेक्ट लॉन्च हो सकते हैं। 2023 में जब एक अन्य फाउंडर और सीईओ सैम आल्टमैन को बोर्ड ने बाहर कर दिया तब उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया था। वे आल्टमैन के आने पर ही कंपनी में वापस लौटे थे। 2021 में एआई सेफ्टी पर कंपनी के रुख से असहमति जताते हुए कुछ वरिष्ठ कर्मचारियों ने कंपनी ने छोड़कर एंथ्रोपिक की स्थापना की थी। उस वक्त उनका कहना था, एंथ्रोपिक और हम एक जैसी रणनीतियों पर चल रहे हैं। इस पर गौर करने की जरूरत है। ओपनएआई की इस बात के लिए लगातार आलोचना होती रही है कि वह अपने नुकसानदेह एआई मॉडल लगातार मुहैया करा रही है। इस पर ब्रॉकमैन का कहना है, सेफ्टी सुनिश्चित करने का एक ही तरीका है कि आप अधिक शक्तिशाली मॉडल पेश करें। हम नए मॉडल, सुपरइंटेलिजेंस पर्सनल असिस्टेंट, नई चिप्स, डेटा सेंटर, कंज्यूमर डिवाइस बना रहे हैं। उनका कहना है, हम समूची अर्थव्यवस्था को बदलना चाहते हैं। एआई की होड़ में कंपनी एंथ्रोपिक से पिछड़ कई है। इसलिए ब्रॉकमैन ओपनएआई की प्राथमिकताओं के साथ सेफ्टी के अहम पहलू पर फोकस कर रहे हैं। ब्रॉकमैन कहते हैं, हमारा फोकस दो साल में आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस तक पहुंचने पर है। हम नए सिरे से आकलन कर रहे हैं कि क्या हमारा ढांचा और रणनीति सही है। संडे प्रोफाइल – ग्रेग ब्रॉकमैन ओपनएआई के प्रेसीडेंट और को-फाउंडर ग्रेग बॉकमैन की चैटजीपीटी और कोडेक्स जैसे प्रोडक्ट के निर्माण में मुख्य भूमिका रही है। टाइम मैग्जीन ने उन्हें अभी हाल में एआई की 100 सबसे प्रमुख हस्तियों की सूची में शामिल किया है।
Source link
ओपन एआई के सह-संस्थापक ‘दसकोडर’ के बराबर काम करते हैं:80 घंटे कोडिंग और AGI का लक्ष्य; जानिए ग्रेग ब्रॉकमैन की कहानी
