![]()
औरंगाबाद शहर के वार्ड नंबर-26 स्थित शाहपुर मोहल्ले में रविवार की सुबह करंट से शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहपुर मुहल्ला निवासी संतन मेहता के बेटे बीरेंद्र कुमार मेहता उर्फ पिंटू (50) के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, शाहपुर मोहल्ले में रामलखन सिंह यादव कॉलेज के बगल में भारत सरकार की योजना के तहत बुडको की ओर से पाइपलाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है। आरोप है कि पाइपलाइन के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदने के दौरान ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया। तार टूटने के बाद पाइपलाइन कार्य में लगे ठेकेदार और कर्मियों ने इसकी जानकारी मोहल्लेवासियों को नहीं दी। बिजली का कनेक्शन भी बंद नहीं कराया गया। रविवार की सुबह बीरेंद्र कुमार मेहता घर से निकलकर बाउंड्री में टहलने गए थे। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने देखा, पुलिस बुलाई बीरेंद्र को अचेत अवस्था में पड़े देखकर रास्ते से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। करंट लगने के कारण बीरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम सदर अस्पताल में कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। बीरेंद्र घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी शोभा देवी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे।
बुडको कर्मियों पर लापरवाही का आरोप मृतक के भाई शैलेंद्र कुशवाहा उर्फ मल्लू ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी से बिजली का तार टूट गया था। तार टूटने के बाद ठेकेदार और कर्मियों को तत्काल मोहल्लेवासियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या बिजली का कनेक्शन बंद करवाना चाहिए था। लापरवाही के कारण बड़े भाई की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर रफीगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और जदयू नेता पिंटू मेहता, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह उर्फ सोनू, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार उर्फ विकास, दीपक कुमार उर्फ पिंटू, शिक्षक मधुरेंद्र पासवान, व्यवसायी अमरेश पासवान समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और घटना पर गहरा दुख जताया। लोजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह और पिंटू मेहता ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। यदि टूटे हुए तार की जानकारी समय रहते लोगों को दे दी जाती तो शायद हादसा टाला जा सकता था। नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
औरंगाबाद में करंट से शख्स की मौत:परिजन का आरोप, पाइपलाइन बिछाने में टूटा बिजली का तार; लापरवाही में गई जान
