Headlines

कांग्रेसी पार्षदों का नगर कौंसिल के खिलाफ धरना:ईओ ने 20 करोड़ के विकास कार्यों का ब्यौरा दिया, गुटबाजी को ठहराया जिम्मेदार




लुधियाना के कस्बा मुल्लांपुर दाखा नगर कौंसिल में विकास कार्यों को लेकर चल रहे विवाद के बीच सत्तारूढ़ दल के पार्षदों ने कार्यालय के बाहर धरना दिया। टीम कैप्टन संदीप संधू से जुड़े कांग्रेसी पार्षदों ने अधिकारियों पर काम न करने का आरोप लगाया। धरने में नगर कौंसिल प्रधान जसविंदर सिंह हैप्पी, तेलू राम बांसल, अमनदीप सिंह मुल्लांपुर, तरसेम कौर मान, बिमला जिंदल, सुरिंदरपाल कौर, इंद्रपाल सिंह और सुभाष नागर सहित कई पार्षद शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उनके वार्डों में विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिससे उन्हें वार्डवासियों के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है। ब्लॉक प्रधान प्रेम सिंह सेखों समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भी धरने का समर्थन किया। इस दौरान, आम आदमी पार्टी की महिला पार्षद के पति मुकेश कुमार बांसल ने नगर कौंसिल में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मामूली काम भी बिना पैसे दिए नहीं होते। ईओ हैप्पी ने खारिज किए आरोप कार्यकारी अधिकारी (ईओ) हैप्पी कुमार जिंदल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने पिछले आठ महीनों में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। ईओ ने बताया कि 28 नवंबर 2025 को हुई पहली बैठक में 2.16 करोड़ रुपये के 12 विकास कार्य सर्वसम्मति से पारित किए गए थे। एडीसी विकास से मंजूरी के बाद इनके टेंडर लगाए जा चुके हैं और चार कार्य शुरू भी हो गए हैं। इसके बाद, 19 मार्च 2026 को हुई दूसरी बैठक में लगभग 2 करोड़ रुपये के 25 कार्य पारित किए गए। कुछ गलियों में सीवरेज और वाटर सप्लाई की पाइपें न होने के कारण काम रुका हुआ है, जिसे सीवरेज बोर्ड के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द पूरा करवाया जा रहा है। ईओ जिंदल ने आगे बताया कि 8 मई 2026 को होने वाली तीसरी बैठक में 3.15 करोड़ रुपये के 21 विकास कार्य रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त, 13 करोड़ रुपये की लागत से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए गांव दाखा की पंचायत के साथ 33 वर्ष का समझौता किया जा रहा है। ईओ ने हाउस की बैठकें न होने के लिए पार्षदों की आपसी गुटबाजी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने श्मशानघाट और डॉ. बी.आर. अंबेडकर भवन के कार्यों में रुकावट के लिए सत्तारूढ़ पक्ष के ही कुछ पार्षदों द्वारा किए गए विरोध को भी जिम्मेदार बताया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *