![]()
सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र (सीईवी), घरौंडा पर महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, उचानी (करनाल) के कुलपति डॉ. एस.के. मल्होत्रा ने दौरा कर यहां चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उप-निदेशक उद्यान डॉ. राकेश कुमार ने उनका स्वागत किया। कुलपति ने केन्द्र पर चल रहे छात्र प्रायोगिक परीक्षण, प्रयोगशाला और विभिन्न कृषि गतिविधियों को देखा और उनकी सराहना की। दौरे के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही छात्रा द्वारा लगाए गए पपीते के प्रयोग को देखा। इस प्रयोग में प्राकृतिक कम तापमान की परिस्थितियों में पपीते की फसल की वृद्धि और विकास पर समुद्री शैवाल के अर्क और रासायनिक उत्प्रेरकों के प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है। कुलपति ने छात्रा अनेजा के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में हरियाणा के मौसम को ध्यान में रखते हुए पपीते की खेती के बेहतर परिणाम मिल सकते हैं, जिससे किसानों को फायदा होगा। गुणवत्ता प्रयोगशाला का भी किया निरीक्षण कुलपति डॉ. मल्होत्रा ने केन्द्र पर स्थित गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने मिट्टी, पानी तथा फल-सब्जियों में कीटनाशक अवशेष की जांच की प्रक्रिया को देखा। प्रयोगशाला में रेजिड्यू केमिस्ट के पद पर कार्यरत कुमारी अंजली ने जीसीएमएस (गैस क्रोमैटोग्राफी-मास स्पेक्ट्रोमीटर) और एचपीएलसी (हाई परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी) मशीनों के माध्यम से जांच की विधि का लाइव प्रदर्शन कर विस्तृत जानकारी दी। क्वालिटी कंट्रोल लैब की भी सराहना कुलपति ने कहा कि इस तरह की प्रयोगशालाएं किसानों के लिए बेहद उपयोगी हैं, जहां वे अपनी मिट्टी, पानी, फल और सब्जियों की जांच करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय से और भी छात्र-छात्राओं को केन्द्र पर विभिन्न फसलों के प्रयोग और ट्रायल के लिए भेजा जाएगा। दौरे के अंत में कुलपति ने केन्द्र और प्रयोगशाला में चल रही गतिविधियों की सराहना की।
Source link
कुलपति ने घरौंडा सब्जी उत्कृष्टता केंद्र का दौरा किया:अनुसंधानों-लैब कार्यों का लिया जायजा, कम तापमान में पपीते की खेती पर शोध की सराहना की
