Headlines

कोटा में चुनावी जनसंपर्क के दौरान दो गुट भिड़े:DJ बंद कराने पर विवाद, पथराव-मारपीट में 2 घायल; पुलिस ने केस दर्ज किया




कोटा में निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ इलाके में सोमवार रात का है। यह विवाद जनसंपर्क के दौरान डीजे साउंड की गाड़ी बंद कराने को लेकर शुरू हुआ था। घायल राकेश खटीक ने बताया- नगर निगम चुनाव में वार्ड पार्षद प्रत्याशी गिरिराज महावर का जनसंपर्क चल रहा था। कॉलोनी में प्रत्याशी के स्वागत के लिए जनसंपर्क टीम को बुलाया गया था। इसी दौरान मेरे मकान से करीब चार मकान दूर रहने वाले सोनू गुर्जर ने जनसंपर्क में चल रही डीजे गाड़ी बंद करवा दी। राकेश के अनुसार- बातचीत करने पर सोनू ने गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। इसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप- 10-15 लोगों ने हथियारों से की मारपीट राकेश का आरोप है कि दूसरे पक्ष के 10-15 लोगों ने मुझे और मेरे दोस्त मनीष दीक्षित के साथ हथियारों से मारपीट की। हमले में मेरे सिर में चोट लगी और टांके आए हैं। वहीं मनीष को ज्यादा चोट लगने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा- दूसरे पक्ष के लोगों की तलाश जारी उद्योग नगर थाना अधिकारी आनंद यादव ने बताया- एसएफ चौराहे के पास गली में पड़ोसियों के बीच डीजे बंद कराने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। राकेश और मनीष घायल हुए हैं। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष के लोगों की तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *