Headlines

कोरबा के कुसमुंडा फोरलेन पर घायल युवक की मौत:घरवालों का आरोप, मारपीट कर मरा समझकर फेंका गया; थाने पहुंचे लोग




कोरबा के कुसमुंडा फोरलेन पर 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिले विकास नगर के सविंदर सिंह की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय की मांग को लेकर वे कुसमुंडा थाने पहुंचे। 8 जुलाई की सुबह सविंदर सिंह कुसमुंडा फोरलेन पर डंपर पुल के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिला था। उसके शरीर पर काफी खून लगा हुआ था और पास में उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने उन्हें देखा। उन्होंने राहगीरों की मदद से एक स्कॉर्पियो रुकवाई और घायल सविंदर को इलाज के लिए विकास नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चेहरे पर चोट के चलते नहीं हो सकी पहचान शुरुआत में चेहरे पर गंभीर चोट और खून लगे होने के कारण युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उसकी शिनाख्त विकास नगर निवासी सविंदर सिंह के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कोरबा जिला अस्पताल रेफर किया। वहां भी सुधार न होने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर ले गए। लगभग एक महीने तक चले इलाज के बाद सोमवार को सविंदर ने दम तोड़ दिया। सविंदर की मौत की सूचना मिलते ही मंगलवार को बड़ी संख्या में परिजन, दोस्त और बस्ती के लोग कुसमुंडा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मारपीट के बाद फोरलेन किनारे फेंकने का आरोप परिजनों का आरोप है कि सविंदर के साथ मारपीट की गई थी। आरोपियों ने उन्हें मरा हुआ समझकर फोरलेन के किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो उनकी जान बच सकती थी। कुसमुंडा थाना पुलिस ने परिजनों को मामले की गंभीरता से जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *