Headlines

समस्तीपुर में सांप ने 9 साल के बच्चे को डंसा:झाड़फूंक के कारण हुई मौत, पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम; 2 महीने में 9 लोगों की गई जान




समस्तीपुर के सिंघिया थाना क्षेत्र में सांप के डंसने से 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। परिजनों की ओर से झाड़फूंक के चक्कर में समय पर इलाज न मिलने के कारण बच्चे की जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। मृत बच्चे की पहचान सिंघिया थाना क्षेत्र के श्यामपुर वार्ड 8 निवासी कुंदन दास के पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। रजनीश अपने दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे वह अपने भाई-बहनों के साथ सोया हुआ था, तभी उसे सांप ने डस लिया। बच्चे ने चिल्लाकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। माता-पिता तुरंत बच्चे को पड़ोस में रहने वाले भगत राम कृपाल पंडित के पास ले गए। भगत ने लगभग एक घंटे तक झाड़फूंक की और परिजनों को बताया कि बच्चे में विष नहीं है। भगत की बात मानकर परिजन बच्चे को लेकर घर लौट आए। 4 बजे पेटदर्द की शिकायत की, दोपहर एक बजे दरभंगा में मौत सुबह करीब 4 बजे बच्चे ने पेट दर्द की शिकायत की और अपनी मां को जगाया। जब मां ने बच्चे का मुंह पोंछा, तब तक उसका मुंह और गला जाम हो चुका था। परिजन तुरंत बच्चे को बगल के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां सुबह करीब 5 बजे इलाज शुरू हुआ। डॉक्टरों ने तीन घंटे तक बच्चे का इलाज किया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और वह बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बच्चे को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन सुबह लगभग 8 बजे बच्चे को दरभंगा के एक निजी नर्सिंग होम ले गए। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन दोपहर करीब 1 बजे बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी और उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजन शव को घर ले आए। दोपहर करीब 2 बजे सिंघिया थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सिंघिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, मृत बच्चे के शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर आर पी मंडल के देखरेख में मृत बच्चा रजनीश कुमार के शव का पोस्टमार्टम किया गया पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार के लिए बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। समस्तीपुर में 2 महीने में सांप के काटने से 9 लोगों की मौत समस्तीपुर जिले में पिछले 2 महीने में सांप के काटने से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। 14 जून को कल्याणपुर थाना क्षेत्र के तिरा जटमलपुर वार्ड 10 के रहने वाले विश्ववीरेंद्र कुमार के 22 साल की बेटी आंचल कुमारी, 19 जून को बिथान थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव के रहने वाले वकील राय की 9 साल की बेटी श्रद्धा कुमारी, 20 जून को को कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव के रहने वाले कलेश्वर भगत के बेटे विपिन कुमार, 10 जुलाई को मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के चक्र जोहरा वार्ड 3 के रहने वाले बिरजू महतो की 9 साल की बेटी शिवानी कुमारी, 15 जुलाई को कल्याणपुर थाना क्षेत्र के चांधर मुक्तापुर के रहने वाले संजय कुमार रावत के 5 साल की बेटी सुरुचि कुमारी, 17 जुलाई को खानपुर थाना क्षेत्र के शोभन वार्ड 3 के रहने वाले प्रदीप सहनी के 10 साल के बेटे आयुष कुमार, 20 जुलाई को रोसरा थाना क्षेत्र के दरगाह रोड के रहने वाले रंजीत कुमार यादव की 37 साल की पत्नी नीलम देवी, 9 अगस्त को पटोरी थाना क्षेत्र के ताराधर्मोनगांव के रहने वाले भगवत शाह के 15 साल की बेटी करीना कुमारी और 10 अगस्त को बेगूसराय नाव कोठी के रहने वाले सरलू दास की 17 साल की बेटी सोनी कुमारी की मौत सांप के काटने से हो चुकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *