कौलेश्वरी पर्वत पर तालाब में डूबने से युवक की मौत:नहाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा, पलामू से दर्शन करने आया था युवक




चतरा जिले के हंटरगंज स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां कौलेश्वरी पर्वत पर एक हादसा हुआ है। सावन के पवित्र महीने में दर्शन करने आए पलामू जिले के 22 वर्षीय श्रद्धालु सम्राट सिंह की सरोवर में डूबने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह हुई। यह हादसा हंटरगंज के कौलेश्वरी पर्वत पर स्थित महाकालेश्वर और सूर्य मंदिर के समीप बने सरोवर में हुआ। पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलडिलिया गांव निवासी रामू सिंह के पुत्र सम्राट सिंह अपने परिवार के साथ पूजा-अर्चना के लिए यहां आए थे। मंगलवार सुबह जब सम्राट सरोवर में स्नान करने उतरे, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। सम्राट सिंह के डूबने की चीख-पुकार सुनकर अन्य श्रद्धालु और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने झगर (कांटेदार हुक) और बांस के सहारे काफी मशक्कत के बाद युवक को गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *