![]()
श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय को कनाडा के सरी, बीसी स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा एसोसिएशन से जुड़ा एक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, टोरंटो से कुछ सिख श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप लेने गुरुद्वारा साहिब पहुंचे थे। आरोप है कि गुरुद्वारा प्रबंधन ने पावन स्वरूप ले जाने वाली गाड़ियों की मर्यादा और गुरु साहिब के सत्कार की जांच किए बिना ही उन्हें स्वरूप ले जाने की इजाजत दे दी। स्थानीय संगत के विरोध के बाद गुरुद्वारा प्रबंधन ने पावन स्वरूपों को दोबारा गुरुद्वारा साहिब में रखवा दिया। इस घटना से सिख संगत में गुस्सा है। हालांकि, गुरुद्वारा प्रबंधन ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई जारी कर संगत से माफी भी मांगी है। 15 दिन में मांगा जवाब श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के आदेश पर श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा एसोसिएशन बीसी कनाडा को निर्देश दिया गया है। उनसे कहा गया है कि इस लापरवाही पर अपना लिखित जवाब 15 दिन के अंदर श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में भेजें। आदेश में गुरुद्वारा प्रबंधन से यह भी कहा गया है कि पिछले समय में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), अमृतसर के जरिए श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा एसोसिएशन बीसी कनाडा को भेजे गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की पूरी जानकारी दें। कितने लोगों को दिया गया स्वरूप औऱ् कितने की मांग प्रबंधन से यह भी साफ करने को कहा गया है कि उन्हें कितने पावन स्वरूप मिले, उनमें से कितने संगत को दिए गए, कितने अभी गुरुद्वारा साहिब के पास हैं और संगत कितने और स्वरूपों की मांग कर रही है। श्री अकाल तख्त साहिब ने बीसी कनाडा की पूरी संगत को भी हिदायत दी है कि गुरु साहिब की मर्यादा का पालन करते हुए गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधकों के साथ प्रेम और सद्भावना बनाए रखने में सहयोग करें।
Source link
गुरु ग्रंथ साहिब स्वरूप देने में लापरवाही अकाल तख्त सख्त:गाड़ियों की मर्यादा जांचे बिना दिए स्वरूप, BC गुरुद्वारा से 15 दिन में मांगा जवाब
