![]()
ग्वालियर अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए रविवार को मतदान प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। न्यास के महत्वपूर्ण 9 पदों के लिए कुल 44 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक होगी वोटिंग एसडीएम नरेंद्र यादव ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी उम्मीदवारों को पहले ही नियमों से अवगत करा दिया गया है। पूरी मतदान प्रक्रिया वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी निगरानी में संपन्न कराई जा रही है। रात में ही वोटों की गिनती और नतीजे होंगे घोषित मतदान के लिए एमएलबी कॉलेज परिसर में चार अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम के तहत चारों मतदान केंद्रों के अंदर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन्हीं कैमरों की सीधी निगरानी में मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव में कुल 3800 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचेंगे। मतदान का समय सुबह 9:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। एक सैकड़ा प्रशासनिक अमला और भारी पुलिस बल तैनात शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के वास्ते पुलिस के 80 से ज्यादा अधिकारी व जवान मतदान केंद्र के अंदर और बाहर तैनात किए गए हैं। बिना पहचान पत्र के किसी भी मतदाता को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, मतदाताओं और समर्थकों को परिसर के अंदर मोबाइल या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यातायात व्यवस्था रहेगी डायवर्ट, 300 मीटर के दायरे में प्रचार प्रतिबंधित चूंकि आज नवरात्रि की शुरुआत भी है, इसलिए कटोरा ताल रोड के आसपास मूर्ति विक्रेताओं की दुकानें सजी हुई हैं। इस कारण वहां भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। प्रशासनिक नियमों के मुताबिक, एमएलबी मतदान स्थल के 300 मीटर के दायरे में किसी भी प्रत्याशी या उसके समर्थकों को प्रचार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी उम्मीदवारों के बैठने के लिए एमएलबी कॉलेज के गेट के अंदर विशेष व्यवस्था की गई है। रात को ही होगी मतगणना, री-काउंटिंग की नहीं होगी गुंजाइश मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के तुरंत बाद, आज रात को ही एमएलबी परिसर में वोटों की गिनती (काउंटिंग) शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना की प्रक्रिया इतनी सावधानी से कराई जाएगी कि री-काउंटिंग (पुनः मतगणना) की कोई गुंजाइश या मांग शेष न रहे। रात को ही नई कार्यकारिणी के विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
Source link
ग्वालियर अचलेश्वर न्यास चुनाव मतगणना आज:9 पदों के लिए होगा घमासान, 3800 मतदाता डालेंगे वोट; चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस और CCTV कैमरे की नजर
