![]()
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलावली में स्कूल से घर लौट रही 17 वर्षीय 12वीं की छात्रा के साथ काली स्कॉर्पियो सवार दो मनचलों ने सरेराह बदसलूकी की है। कार सवार मनचले ने पास आकर अश्लील कमेंट किया, वहीं उसके दोस्त ने सनरूफ से बाहर निकलकर सरेराह नाबालिग छात्रा को अश्लील इशारे किए। मनचलों की हरकतों से आक्रोशित छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए सड़क किनारे पड़ा पत्थर उठाकर स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ दिया। इसके बावजूद बदमाश आरोपी छात्रा का पीछा करते रहे। डरी-सहमी पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजन को आपबीती सुनाई, जिसके बाद थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो से 3-4 बार घेरा, अनदेखा करने पर दिया ‘फ्लाइंग किस’ पुलिस ने बताया कि ग्वालियर निवासी 17 वर्षीय नाबालिग 12वीं की छात्रा है। छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे अपनी सहेली के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। इस दौरान छावनी इलाके में एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी उनके आसपास 3 से 4 बार आगे-पीछे चक्कर लगाने लगी। छात्रा ने ध्यान से देखा तो गाड़ी में पास के गांव का अतुल राजपूत बैठा था, जबकि उसका एक अन्य साथी भी गाड़ी में मौजूद था। छात्राओं ने शुरुआत में उन्हें नजरअंदाज कर आगे बढ़ना चाहा, लेकिन मनचलों की हिम्मत बढ़ती गई। पहले अतुल ने छात्रा से बदसलूकी करते हुए अश्लील कमेंट्स किए। इसके बाद स्कॉर्पियो में बैठे अतुल के दोस्त ने नाबालिग की तरफ सरेराह ‘फ्लाइंग किस’ कर दिया। छात्रा ने साहस दिखाकर मारा पत्थर, फिर भी करते रहे पीछा सरेराह हुई इस अश्लील हरकत से छात्रा बेहद आक्रोशित हो गई। उसने तुरंत सड़क पर पड़ा एक भारी पत्थर उठाया और सीधे स्कॉर्पियो पर दे मारा, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया। अचानक हुए इस प्रतिघात के बाद भी सिरफिरे आरोपी बाज नहीं आए और टूट चुके शीशे वाली स्कॉर्पियो से गांव के आधे रास्ते तक छात्रा का पीछा करते रहे। जिससे दोनों छात्राएं दहशत में आ गईं। पिता के साथ थाने पहुंची छात्रा, पुलिस ने दर्ज किया केस आरोपियों के लगातार पीछा करने से छात्रा बुरी तरह घबरा गई। उसे अंदेशा हुआ कि आरोपी आगे उसके साथ कोई गंभीर वारदात को अंजाम दे सकते हैं। घर पहुंचते ही उसने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल छात्रा को लेकर पुरानी छावनी थाने पहुंचे और आरोपियों की करतूत बताई। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर अतुल राजपूत और उसके साथी के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेंगे छात्रा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। काली स्कॉर्पियो और उसमें सवार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Source link
ग्वालियर में 12वीं की छात्रा से बदसलूकी:स्कॉर्पियो सवार ने कमेंट किया; छात्रा ने गाड़ी का कांच तोड़ा
