![]()
सेक्टर-17 स्थित एक होटल में सोमवार देर रात गोली लगने से लॉ के अंतिम वर्ष के छात्र अजय गिल की मौत हो गई। गोली उसकी कनपटी पर लगी। गंभीर हालत में उसे सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजय चंडीगढ़ का रहने वाला था। घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अजय को गोली किन परिस्थितियों में लगी। शुरुआती जांच में पिस्टल से दुर्घटनावश गोली चलने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पार्टी के बाद दोस्त के साथ होटल पहुंचा था अजय जानकारी के मुताबिक, अजय शनिवार देर रात अपने दोस्त शानू गुप्ता के साथ सेक्टर-26 स्थित हॉलवे क्लब में पार्टी करने गया था। पार्टी में एक महिला भी मौजूद थी। क्लब में पार्टी और शराब पीने के बाद दोनों कुछ समय होटल में भी रुके। इसके बाद वे सेक्टर-17 स्थित होटल पहुंचे, जहां देर रात गोली चलने की घटना हुई। पुलिस अब पार्टी से लेकर होटल तक अजय के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पिस्टल होटल के कमरे तक कैसे पहुंची और उस समय कमरे में कौन-कौन मौजूद था। सिर टकराने के बाद कमरे में पिस्टल हाथ लगने की बात जांच में सामने आई शुरुआती जानकारी के अनुसार, कमरे में बैठने के दौरान अजय काफी नशे में था। उसे बाथरूम जाने के लिए कहा गया। इसी दौरान उसका सिर किसी जगह से टकरा गया और खून निकलने लगा। इसके बाद कमरे में रखी पिस्टल उसके हाथ में आने और अचानक गोली चलने की बात सामने आई है। गोली उसकी कनपटी में लगी। हालांकि, पुलिस अभी इस घटनाक्रम की पुष्टि नहीं कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि गोली कैसे चली। दोस्तों को होटल की लोकेशन नहीं बताई थी घटना के बाद अजय के दोस्तों से भी पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अजय होटल तक कैसे पहुंचा और उसके साथ कौन-कौन मौजूद था। जांच में सेक्टर-17 के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना से कुछ समय पहले अजय सेक्टर-17 स्थित शराब के ठेके के आसपास दिखाई दिया था। उसके पास पिस्टल होने की बात भी जांच के दौरान सामने आई है। पुलिस अब हथियार की पूरी जानकारी जुटा रही है। नवी का बयान-शराब लेने गया था, लौटकर आया तो गोली चल चुकी थी पुलिस को दिए बयान में नवी ने बताया कि वह और अजय सेक्टर-17 स्थित शराब के ठेके पर गए थे। अजय कार पार्किंग के पास बैठा था और वह शराब की बोतल लेने के लिए बाहर गया था। नवी के मुताबिक, जब वह वापस आया तो अजय के दोस्त उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। उसे बताया गया कि अजय को गोली लगी है। पिस्टल के लाइसेंसधारी की भी तलाश जिस पिस्टल से गोली चली, पुलिस उसके लाइसेंस और मालिक की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार अजय तक कैसे पहुंचा और घटना के समय उसके हाथ में कैसे आया। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। आज पोस्टमार्टम, तभी साफ होगी मौत की वजह फिलहाल पुलिस के सामने मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल हैं। क्या पिस्टल से गलती से गोली चली, अजय ने खुद को गोली मारी या फिर घटना के पीछे किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका है-इसका जवाब पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मिल सकेगा। अजय का शव सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। आज पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों की रिपोर्ट और पुलिस की फोरेंसिक जांच से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
Source link
चंडीगढ़ के होटल में स्टूडेंट की गोली लगने से मौत:कनपटी पर लगी गोली, दोस्त बोले- पिस्टल से गलती से चली; आज पोस्टमार्टम
