Headlines

चंडीगढ़ पुलिस का बीट बॉक्स मार्केट से हटाया:भास्कर में खबर छपते ही हरकत में आई पुलिस, वेंडर ने कर रखा था कब्जा




चंडीगढ़ सेक्टर-41 स्थित कृष्णा मार्केट के सामने पुलिस बीट बॉक्स पर वेंडर के कब्जे की खबर दैनिक भास्कर में प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आनन-फानन में बीट बॉक्स को मार्केट से हटवा दिया। हालांकि, बीट बॉक्स पर कब्जा करने वाले वेंडर के खिलाफ देर शाम तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि थाना-39 के प्रभारी इंस्पेक्टर जयप्रकाश सिंह ने कहा था कि सरकारी संपत्ति पर कब्जा गलत है और मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, सेक्टर-41 की कृष्णा मार्केट के सामने बने पुलिस बीट बॉक्स पर एक वेंडर द्वारा कब्जा किए जाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में दिखाई दे रहा था कि बीट बॉक्स के अंदर वेंडर ने अपना सामान रखा हुआ था और बाहर से ताला लगा रखा था। बताया जा रहा है कि लंबे समय से पुलिस द्वारा बीट बॉक्स का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। इसी का फायदा उठाकर वेंडर ने उसे अपने सामान के स्टोर के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। ये बीट बॉक्स काफी समय से खाली पड़ा था। वेंडर रोजाना अपना सामान उसमें रखता था और काम खत्म होने के बाद बाहर से ताला लगाकर चला जाता था। मामला सामने आने और दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने बीट बॉक्स को वहां से हटवा दिया, लेकिन कब्जा करने वाले के खिलाफ अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे स्थानीय लोगों में भी सवाल उठ रहे हैं कि सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई कब होगी। अब पढ़ें क्या है पूरा मामला:- मार्केट के बाहर बने पुलिस बीट बॉक्स को दिखाया: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सेक्टर-41 स्थित कृष्णा मार्केट के बाहर बने पुलिस बीट बॉक्स को दिखाया गया है। वीडियो में बीट बॉक्स के दरवाजे पर एक निजी ताला लगा हुआ नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह ताला गन्ने का रस बेचने वाले एक वेंडर का है। ताला खोलकर अंदर रखा सामान बाहर निकालता है: बताया जा रहा है कि वेंडर रोज सुबह बीट बॉक्स का ताला खोलकर अंदर रखा सामान बाहर निकालता है और दिनभर रेहड़ी लगाता है। शाम को काम खत्म करने के बाद वह अपना सामान फिर बीट बॉक्स के अंदर रखकर बाहर से ताला लगा देता है और वहां से चला जाता है। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल: स्थानीय वेंडरों का कहना है कि यह मामला एक-दो दिन का नहीं है, बल्कि लंबे समय से ऐसा चल रहा है। उनका आरोप है कि सरकारी संपत्ति का निजी इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन इसे रोकने के लिए किसी ने कदम नहीं उठाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस की संपत्ति पर ही कोई व्यक्ति कब्जा कर उसे निजी स्टोर की तरह इस्तेमाल कर सकता है, तो यह सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। पुलिस नाके से कुछ कदम की दूरी पर बीट बॉक्स: जिस पुलिस बीट बॉक्स पर कब्जे का दावा किया जा रहा है, वह सेक्टर-41 की कृष्णा मार्केट के बाहर मुख्य सड़क किनारे स्थित है। इसी जगह से कुछ दूरी पर अक्सर पुलिस नाका भी लगाया जाता है, जहां पुलिसकर्मी दिन-रात वाहनों की जांच और गश्त करते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *