Headlines

चाईबासा में पेट्रोल-डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहा ईंधन:ग्रामीण बाल्टी-डिब्बे लेकर पहुंचे, पुलिस ने रोका; आगजनी का खतरा टला




चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बाईहातु गांव के पास शनिवार दोपहर इंडियन ऑयल का एक पेट्रोल-डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर अंदर से दो भागों में बंटा हुआ था। एक हिस्से में पेट्रोल और दूसरे में डीजल भरा हुआ था, जो हादसे के बाद सड़क पर बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टी-डिब्बे लेकर सड़क पर फैले ईंधन को इकट्ठा करने लगे। टैंकर चालक रवींद्र राम ने बताया कि वह खूंटी से पेट्रोल और डीजल लेकर चाईबासा से लगभग 10 किलोमीटर आगे स्थित एक पेट्रोल पंप जा रहा था। चालक के अनुसार, सामने से आ रहे एक बड़े डंपर को देखकर उन्होंने टैंकर पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ईंधन इकट्ठा कर रहे ग्रामीणों को रोका और उन्हें घटनास्थल से दूर हटाया। पुलिस ने लोगों को पेट्रोल और डीजल के अत्यधिक ज्वलनशील होने के बारे में समझाया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, थाना प्रभारी ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों से टैंकर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया था। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आगजनी की घटना टल गई। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *