![]()
हिमाचल में मशहूर शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इनमें बड़ी संख्या में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल है। इस दौरान श्रद्धालु धक्का-मुक्की कर आगे बढ़ते देखे गए और प्रशासन स्थिति नियंत्रण में होने के दावे करता रहा। ‘श्रावण अष्टमी मेले’ के बीच रविवार का दिन होने के कारण सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। हालात बिगड़ने के बाद कुछ व्यापारियों को अपनी दुकानें एहतियातन बंद करनी पड़ीं। मंदिर परिसर से बाजार तक पांव रखने की जगह तक नहीं बची। भीड़ के कारण बीच बीच में धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। इससे स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन और पुलिस के इंतजामों पर सवाल खड़े किए। 13 से 21 अगस्त तक श्रावण अष्टमी मेला चल रहा है। ऐसे में रविवार होने की वजह से आज हजारों की संख्या में श्रद्धालु चिंतपूर्णी पहुंचे है। पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के बाजार में पूरी तरह पैक हो गए है। भारी भीड़ के कारण प्रशासन के इंतजाम धरे के धरे रह गए। इस दौरान बाजार में एंबुलेंस भी भीड़ में फंसी रही। गर्मी ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की परेशानी इस भीड़ के बीच गर्मी ने भी श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी है। लंबे समय तक भीड़ के बीच रहने के कारण कई श्रद्धालु गर्मी और उमस से बेहाल नजर आए। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग में जगह कम पड़ने के कारण श्रद्धालुओं को भीड़ के बीच आगे बढ़ना पड़ा। पुलिस बोली- हालात नियंत्रण में डीएसपी चिंतपूर्णी अनिल पटियाल ने बताया कि रविवार होने के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और पुलिन जवान तैनात है। किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। क्या है चिंतपूर्णी मंदिर की खासियत? माता चिंतपूर्णी का मंदिर हिमाचल के ऊना जिले में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। चिंतपूर्णी मंदिर को देश के प्रमुख शक्तिपीठों में गिना जाता है। मंदिर ऊना से करीब 55 किलोमीटर और भरवाईं से करीब 3 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित है। मान्यता के अनुसार चिंतपूर्णी को छिन्नमस्तिका धाम भी कहा जाता है और यहां मां के दर्शन को विशेष महत्व दिया जाता है।
Source link
चिंतपूर्णी में श्रावण अष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:बंद करनी पड़ी दुकानें, धक्का-मुक्की जैसे हालात, मंदिर से बाजार तक पांव रखने की जगह नहीं
