![]()
चित्रकूट में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए स्कूल बस हादसे में घायल सभी छात्र अब सुरक्षित घर लौट चुके हैं। प्रयागराज रेफर किए गए छात्र को भी स्वस्थ घोषित कर दिया गया है। वहीं पुलिस जांच में बस चालक के नशे की हालत में वाहन चलाने की बात सामने आई है, जबकि कॉलेज प्रबंधन ने लापरवाही को लेकर शिक्षकों की बैठक बुलाकर जवाब-तलब किया है। सदर कोतवाली प्रभारी दुर्गविजय सिंह ने बताया कि प्रयागराज रेफर किए गए छात्र की सभी आवश्यक जांचें सामान्य पाई गईं, जिसके बाद परिजन उसे घर ले आए। अब दुर्घटना में घायल सभी बच्चे सुरक्षित हैं। यह हादसा कालूपुर के पास उस समय हुआ था, जब जीडीएनडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की बस को चालक बनारसी दास कथित रूप से नशे की हालत में चला रहा था। अनियंत्रित होकर बस एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में बस में सवार 28 बच्चों में से 14 छात्र-छात्राएं, दो चालक और एक परिचालक घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बस की तकनीकी स्थिति की जांच वाहन मिस्त्री से कराई गई है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में बस चलाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद रविवार को कॉलेज प्रबंधन ने शिक्षकों की बैठक बुलाकर स्कूल बसों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। बसों और उनके चालक-परिचालकों की नियमित जांच के लिए जिम्मेदार शिक्षक से जवाब-तलब किया गया। शिक्षक ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन वह किसी भी चालक के नशे में होने की जांच नहीं कर सके थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
चित्रकूट स्कूल बस हादसा: प्रयागराज रेफर छात्र भी स्वस्थ:बच्चे घर लौटे, ड्राइवर के नशे में होने पेड़ से टकराई बस
