![]()
जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा (ग्राम पंचायत बंदरकोला) में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के विरोध में ग्रामीणों और महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। जिला कांग्रेस महिला उत्पीड़न निवारण समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर गांव में खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार बेखौफ जारी है, जिससे क्षेत्र का माहौल असुरक्षित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब के नशे में असामाजिक तत्व आए दिन महिलाओं और बालिकाओं के साथ गाली-गलौज, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि शाम होते ही महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है और पूरे गांव में भय का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे शराब माफियाओं के हौसले बढ़ गए हैं। उन्होंने मांग की कि गांव में संचालित सभी अवैध शराब ठिकानों पर तत्काल छापेमारी कर उन्हें बंद कराया जाए और इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीण और समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link
जबलपुर में अवैध शराब के खिलाफ महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंची:छापेमारी, शराब माफियाओं पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
