जमीन खरीदने के नाम पर डॉक्टर से किया संपर्क:मारने की धमकी, 5 करोड़ की रंगदारी मांगी




अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से अपराधियों ने पैतृक जमीन खरीदने के बहाने संपर्क कर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। पैसे नहीं देने पर उन्हें लोहरदगा में गोली मारने की धमकी दी गई है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर के अनुसार, 29 जुलाई की रात एक अज्ञात नंबर से 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल आए। 30 जुलाई को उसी नंबर से कॉल आई, जिसे डॉक्टर की पत्नी संगीता सिन्हा ने उठाया। कॉलर ने खुद को अरगोड़ा निवासी बताते हुए कहा कि उसका भाई बिड़ला कंपनी में जीएम है और कंपनी के लिए डॉक्टर की पोढ़ा स्थित पैतृक जमीन खरीदना चाहता है। उसने डॉक्टर के घर का पता जानने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने पता नहीं दिया। आरोपी ने बताया कि उसे यह नंबर सिसई के एक कर्मचारी से मिला है। 31 जुलाई को 22 कॉल आईं, जिन्हें डॉक्टर ने रिसीव नहीं किया। 2 अगस्त की सुबह जब डॉक्टर ने कॉल उठाई, तो आरोपी ने नाम पूछते ही लोहरदगा में गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद दोपहर में डॉक्टर ने 17 सेकेंड और 1 मिनट 10 सेकेंड की दो बातचीत रिकॉर्ड की, जिसमें आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए ₹5 करोड़ की मांग की। अरगोड़ा थानेदार सतीश कुमार गोराई ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। रिकॉर्डिंग और कॉल डेटा के जरिए मोबाइल धारक और कॉल के स्रोत की पहचान की जा रही है, आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *