![]()
बाड़मेर में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे शिव थाना इलाके के जसे का गांव में हुई। सरकारी जमीन पर एक पक्ष बुवाई कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई थी और उसे धमकाया भी गया था। उनका कहना है कि मारपीट और धमकाने की वजह से ही उसकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक की मौके पर अचानक तबीयत बिगड़ी थी। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत हार्ट अटैक से होने का अंदेशा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। पुलिस के अनुसार जसे का गांव निवासी सुमेरसिंह सरकारी जमीन पर बुवाई कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के हनीफ खान (55) पुत्र फलगू खान ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान हनीफ खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में शिव हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बाड़मेर रेफर कर दिया। बाड़मेर ले जाते समय रास्ते में हनीफ की मौत हो गई। रात को हनीफ के शव को शिव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। इसके बाद परिजन और समाज के लोग वहां इकट्ठे हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम उनसे समझाइश कर रही है। परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप मृतक के परिजन हनीफ के साथ मारपीट और डराने-धमकाने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि इसी वजह से हनीफ की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हुई। वहीं, मृतक के बेटे ने पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर दिया है। पुलिस बोली- दोनों पक्षों में मारपीट नहीं हुई शिव थाना इंचार्ज मनोहरलाल विश्नोई ने बताया कि दोनों पक्ष आमने-सामने नहीं हुए थे। ऐसे में मारपीट होने का सवाल ही नहीं है। प्रारंभिक जांच में हनीफ की मौत हार्ट अटैक से होने का अंदेशा है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
Source link
जमीन विवाद के दौरान कहासुनी, युवक की मौत:परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस बोली- दोनों पक्ष नहीं भिड़े, हार्ट अटैक की आशंका
