![]()
जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) स. हरविंदर सिंह विर्क ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के लिए एक उच्च स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने, गैंगस्टर नेटवर्क को ध्वस्त करने, लंबित आपराधिक मामलों का जल्द निपटारा करने और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही, पुलिस और आम जनता के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए विलेज डिफेंस कमेटियों को सक्रिय करने तथा पुलिसिंग को पूरी तरह से पारदर्शी, अनुशासित एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में एस.पी. (मुख्यालय) मुकेश कुमार, एस.पी. (पी.बी.आई.) मनजीत कौर सहित जिले के सभी उप पुलिस अधीक्षक (डी.एस.पी.), थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध की वर्तमान स्थिति का आकलन करना और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाना था।
संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जाए नशा तस्करी और गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एस.एस.पी. विर्क ने अधिकारियों को दैनिक विशेष नाकाबंदी और नाइट डोमिनेशन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जाए और आधुनिक निगरानी प्रणालियों और सीसीटीवी नेटवर्क का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एस.एस.पी. ने घोषित अपराधियों और नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। इसके साथ ही, अदालत से जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनका नियमित सत्यापन करने के भी आदेश दिए। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रमुख ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘विलेज डिफेंस कमेटी’ (वी.डी.सी.) की बैठकें नियमित आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ने से संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं पुलिस को समय पर मिल सकेंगी। कानूनी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए एस.एस.पी. ने दर्ज एफ.आई.आर. और अन्य आपराधिक मामलों की जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने साफ किया कि मामलों के निस्तारण में देरी या किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों न बख्शा जाए
सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक में सख्त रुख अपनाया गया। एस.एस.पी. ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटने और आवश्यकतानुसार वाहनों को जब्त (इंपाउंड) करने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहनों की विशेष चेकिंग करने के साथ ही आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया। पुलिस बल के मनोबल को बनाए रखने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने उपमंडलों में नियमित वेलफेयर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पुलिसकर्मियों की शिकायतों और सेवा संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। बैठक के समापन पर एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में पुलिसिंग की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि जालंधर ग्रामीण में एक जवाबदेह और जनता के प्रति समर्पित पुलिस तंत्र काम कर सके।
Source link
जालंधर ग्रामीण पुलिस की अपराध पर समीक्षा बैठक:एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने नशा तस्करों,गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए कड़े निर्देश
