![]()
जालंधर की नूरमहल पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हुंडई i20 कार से 11 पेटियां अवैध शराब जब्त की है। हालांकि, पुलिस को देखकर आरोपी ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना मुखी बलजिंदर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम नूरमहल के तलवान चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाहरी इलाके से सस्ती शराब लाकर नूरमहल क्षेत्र में अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि संदिग्ध शख्स फिल्लौर से हुंडई i20 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर PB-10-GF-7995) में अवैध शराब की भारी खेप लेकर आ रहा है। चेकपॉइंट देखकर भागा ड्राइवर मुखबिर से मिली इस पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए इलाके में चेकपॉइंट (नाकाबंदी) लगाया। जैसे ही उक्त नंबर की गाड़ी वहां पहुंची, ड्राइवर की नजर पुलिस पर पड़ गई। खुद को घिरता देख आरोपी पुलिस नाके के पास ही कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से अवैध शराब की 11 पेटियां बरामद हुईं। इस संबंध में थाना मुखी बलजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 61-1-14 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर की पहचान और उसका सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है, और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
जालंधर में कार से शराब तस्करी पकड़ी:हुंडई i20 कार से सप्लाई देने जा रहा था आरोपी, पुलिस ने 11 पेटियां जब्त, चालक फरार
