Headlines

जालंधर में हॉकी खिलाड़ी के घर जश्न:गोल्ड जीतने पर मिठाई बांटी, मनप्रीत की नन्ही बेटी बोलीं-पापा जापान से खिलौने लेकर आना




जालंधर में हॉकी टीम के मिडफील्डर और पूर्व कैप्टन मनप्रीत सिंह के घर गोल्ड जीतने के बाद ढोल की थाप पर जश्न मनाया गया। एशियाई खेलों में टीम इंडिया के गोल्ड मेडल जीतते ही परिवार ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया है। 3 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से शिकस्त देकर अपना एशियन गेम्स का खिताब बरकरार रखा। इससे पहले सेमीफाइनल में भारत ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-3 से हराया था। इस मौके पर मनप्रीत ने परिवार के साथ वीडियो कॉल पर बात की। अपनी बच्ची से बात करते हुए मनप्रीत ने उससे पूछा कि कैसी हो, तो बच्ची ने कहा कि पापा जापान से आते हुए मेरे लिए खिलौने लेकर आना। मैं एयरपोर्ट पर आपको रिसीव करने के लिए आऊंगी। वहीं परिवार में पिता, मां और पत्नी ने मनप्रीत को टीम की उपलब्धी के लिए बधाई दी। बता दें कि जालंधर के मनप्रीत भारतीय हॉकी टीम के कैप्टन रह चुके हैं। इस वक्त वो टीम में मिडफील्डर की भूमिका निभा रहे हैं। मां मनजीत कौर बोलीं-भारतीय टीम को बधाई
हॉकी प्लेयर मनप्रीत की मां मनजीत कौर ने कहा कि आज पूरे देश को अपने इन जांबाज बेटों पर गर्व है, जिन्होंने देश की झोली में गोल्ड मेडल डालकर भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि इस जीत से उनकी सबसे बड़ी इच्छा पूरी हुई है क्योंकि पूरी टीम ने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। परिवार का सपना था कि मनप्रीत अगला ओलंपिक भी खेले। मैच शुरू होने से पहले उन्होंने मनप्रीत और पूरी टीम की जीत के लिए ईश्वर से प्रार्थना की थी कि सभी खिलाड़ी जी-जान से खेलें और देश के लिए यह मुकाबला जीतें। माता मनजीत कौर ने उम्मीद जताई कि पेरिस ओलंपिक में भी भारतीय टीम अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए मेडल का रंग कांस्य से बदलकर गोल्ड में तब्दील करेगी और देश का नाम रोशन करेगी। पत्नी बोलीं- पूरी टीम और देशवासियों को शुभकामनाएं
मनप्रीत की पत्नी इली ने कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना और सीधे ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना बेहद गर्व का पल है। इली ने बताया कि मैच शुरू होने से पहले उनकी मनप्रीत से बात हुई थी, तब उन्होंने मनप्रीत से यही कहा था कि नतीजे की चिंता किए बिना पूरी ताकत, लगन और जज्बे के साथ मैदान में उतरना है। उन्होंने कहा कि परिवार का सपना था कि मनप्रीत का ओलंपिक के लिए क्वालीफाई हो और वह अपने करियर का पांचवां ओलंपिक खेलें, इस सपने के पूरा होने पर पूरा परिवार बेहद खुश और उत्साहित है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *